‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला का नकाब चलती बाइक के पहिए में फंस जाने से वह सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के लिए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शोहरतगढ़ थाना अंतर्गत के बसंतपुर गांव निवासी नूरजहां (55) पत्नी नसीम शनिवार को इलाज कराने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी गई थीं। उपचार के बाद वह कुछ आवश्यक सामान खरीदने के लिए बढ़नी बाजार पहुंचीं। बाजार का काम निपटाने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि बाइक पर चालक इरशाद के अलावा उसकी मां नूरजहां और बहन भी सवार थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बढ़नी-बसंतपुर मार्ग पर अचानक नूरजहां का नकाब बाइक के पहिए में फंस गया। नकाब पहिए में फंसते ही उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों और बाइक सवारों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद नूरजहां को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बाद में शव गांव पहुंचने पर पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल छा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि नूरजहां रोजमर्रा के कार्यों के लिए घर से निकली थीं, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि एक मामूली सी लापरवाही इतना बड़ा हादसा बन जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय लोगों ने बाइक पर सफर के दौरान ढीले कपड़े, दुपट्टा, नकाब या अन्य वस्त्रों को सावधानीपूर्वक संभालकर रखने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
इस हृदयविदारक घटना से बसंतपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल बना हुआ है।
Author: Vikas News
Post Views: 374





