‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार दोहरे ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवा उपलब्धता एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. दोहरे ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदने के लिए मजबूर करने वाले चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों को केवल अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही लिखी जाएं तथा अनावश्यक रूप से बाहर की जांच न कराई जाए।

सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार करा रहे मरीजों से बातचीत कर दवा, जांच और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। मरीजों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने लेबर रूम का निरीक्षण किया और प्रसव कक्ष की साफ-सफाई, उपकरणों एवं उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि प्रसूता महिलाओं और नवजात शिशुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
डॉ. दोहरे ने मेडिकोलीगल रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की। अभिलेखों एवं रिकॉर्ड के संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन की सराहना की। साथ ही दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी स्वास्थ्यकर्मी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें और मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान एमओआईसी डॉ. अविनाश चौधरी, डॉ. प्रदीप वर्मा, फार्मासिस्ट रामसहाय वर्मा, अमृता पांडेय, योगेंद्र सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 285





