‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में शनिवार देर रात सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। किशोरी की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बढ़नी कस्बे के वार्ड नंबर सात कल्लनडिहवा निवासी पूर्व सभासद एवं भाजपा नेता ध्रुव चतुर्वेदी के परिवार के सदस्य गर्मी के कारण घर की छत पर सो रहे थे। शनिवार रात करीब डेढ़ बजे उनकी पौत्री अनामिका (16) पुत्री संजय चतुर्वेदी छत पर जाने के लिए सीढ़ियों से ऊपर जा रही थी। अंधेरा होने के कारण वह सीढ़ी पर बैठे कोबरा सांप को नहीं देख सकी। इसी दौरान सांप ने उसे दो बार डस लिया।
अनामिका के चीखने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। लाइट जलाने पर सीढ़ी पर कोबरा सांप बैठा दिखाई दिया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में किशोरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी के चिकित्सक डॉ. प्रदीप वर्मा ने बताया कि किशोरी को एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन लगाया गया तथा आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही रात करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, अनामिका संजय चतुर्वेदी की छह बेटियों में दूसरे नंबर की थी और गांधी आदर्श इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी।
घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों का परिवार के घर पहुंचना शुरू हो गया। किशोरी की मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
Author: Vikas News
Post Views: 896





