डायट बांसी में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी) मार्गदर्शिका का विमोचन, 15 अगस्त तक होंगे पंजीकरण

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बांसी में शुक्रवार को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी) की मार्गदर्शिका का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्राचार्य लालजी कुमार पांडेय, वरिष्ठ प्रवक्ता अनिल मिश्र, रामचंद्र मौर्य एवं श्रवण कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान की प्रवृत्ति तथा नवाचार की भावना को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब छात्र-छात्राएं अपने आसपास की समस्याओं का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अध्ययन कर उनके व्यावहारिक समाधान खोजने का प्रयास करें।
एनसीएससी के जिला समन्वयक अंशुमान सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 की राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी जूनियर तथा 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी सीनियर श्रेणी में भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों को अपने आसपास की किसी स्थानीय समस्या का चयन कर उसके समाधान पर आधारित एक लघु शोध परियोजना तैयार करनी होगी।
उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राएं दो-दो के समूह में 15 अगस्त तक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। साथ ही उत्कृष्ट शोध परियोजनाओं के निर्माण के लिए मार्गदर्शक शिक्षकों की कार्यशाला आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव, बद्रीनाथ त्रिपाठी, धर्मेंद्र कुमार, डीसी (निपुण) आशीष सिंह, कार्तिकेय पांडेय, पंकज कुमार, प्रतिभा सिंह, सत्येंद्र सिंह, अमित मणि, नरेंद्र यादव, अनन्तदीप, संदीप द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now