‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : विकास खंड बांसी के कंपोजिट विद्यालय टड़वल घाट के विशेष शिक्षक अवनीश त्रिपाठी के सराहनीय प्रयास से अस्थि दिव्यांग छात्र हरिकुमार का नामांकन राजकीय आवासीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, प्रतापगढ़ में सफलतापूर्वक कराया गया है। इस विद्यालय में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क आवास, भोजन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था उपलब्ध है।
सत्र 2025-26 में कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले हरिकुमार आर्थिक एवं शारीरिक कठिनाइयों के कारण आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख पा रहे थे। उनका घर बांसी मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित है, जिससे प्रतिदिन विद्यालय आना-जाना उनके लिए अत्यंत कठिन था।
जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) करुणापति त्रिपाठी ने बताया कि छात्र की शिक्षा के प्रति रुचि और परिस्थितियों को देखते हुए उसे राजकीय आवासीय विद्यालय में प्रवेश दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए गए। अब हरिकुमार को निःशुल्क आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण में अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलेगा।
इस पहल से न केवल हरिकुमार के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त हुआ है, बल्कि यह भी साबित हुआ है कि उचित मार्गदर्शन और संवेदनशील प्रयासों से दिव्यांग विद्यार्थियों के शिक्षा के अधिकार को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा सकता है।
Author: Vikas News
Post Views: 12



