निपुण संकल्प कार्यशाला का हुआ आयोजन, शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर दिया गया जोर

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से सोमवार को शहर स्थित शुभम होटल में जनपद बलरामपुर एवं सिद्धार्थनगर के खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों, डायट मेंटर्स, वरिष्ठ प्रवक्ताओं, एसआरजी तथा एआरपी के लिए एक दिवसीय निपुण संकल्प कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कार्यशाला से प्राप्त ज्ञान को प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है, ताकि सीखने में पिछड़ रहे बच्चों को बेहतर शैक्षिक सहयोग मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण अभिभावकों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बच्चों की भाषाई क्षमता विकसित करने के लिए विद्यालयों में प्रतिदिन मातृभाषा के साथ नए शब्दों पर चर्चा की जानी चाहिए। साथ ही प्रत्येक विद्यालय में नियमित रूप से समाचार पत्र पठन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बीएसए ने कहा कि शिक्षक और छात्र का संबंध अत्यंत प्रेरणादायक होता है। किसी छात्र की सफलता से सबसे अधिक खुशी उसके शिक्षक को होती है। उन्होंने सभी शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में गर्व नागपाल, श्वेता किरन एवं देवम त्रिपाठी ने भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मजबूत भाषाई समझ व्यक्ति को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होती है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए दस पॉइंट टूल्स, कैच-अप कार्यक्रम, शिक्षण-अधिगम सामग्री तथा बाल वाटिका में खेल-खेल के माध्यम से शिक्षण जैसी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
प्रशिक्षकों ने बताया कि निपुण भारत मिशन की मूल संकल्पना यह है कि बच्चे कक्षा 1 और 2 में पढ़ना सीखते हैं, जबकि आगे की कक्षाओं में सीखने के लिए पढ़ते हैं। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर डीसी (निपुण) आशीष कुमार सिंह, डीसी (प्रशिक्षण) आशीष कुमार मिश्रा, बीईओ अशोक सिंह, धर्मेंद्र पाल, ओम प्रकाश मिश्र, महेंद्र कुमार, भूपेंद्र सिंह, अंकित तिवारी, अमित शुक्ला, नवीन कुमार सिंह, आलोक शर्मा, वैभव श्रीवास्तव, पशुपति नाथ दूबे, सत्येंद्र बहादुर सिंह, रूपेश सिंह, उत्कर्ष श्रीवास्तव, अनिरुद्ध मौर्या, मारुति नंदन, प्रशांत सिंह, रितेश सिंह, अपूर्व श्रीवास्तव, प्रतिमा सिंह, महमूदुल हक सहित दोनों जनपदों के शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now