‘हाड़ा’ विकास सिंह
बलरामपुर : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 50वीं वाहिनी के जवानों ने सड़क दुर्घटना में घायल तीन लोगों की समय रहते मदद कर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। जवानों की तत्परता से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया, जिससे उनकी जान बच सकी।
बीते शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 50वीं वाहिनी मुख्यालय बलरामपुर में आयोजित सैनिक सम्मेलन से लौट रहे बीओपी बढ़नी और महादेव बुजुर्ग के जवान गैसड़ी बाजार से लगभग एक किलोमीटर पहले पहुंचे थे। इसी दौरान वाहन चालक कांस्टेबल विनोद गोदारा की नजर सड़क किनारे घायल पड़े लोगों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पार्टी कमांडर सब इंस्पेक्टर श्रवण दौहात को दी।
वाहन रोककर जवान मौके पर पहुंचे तो एक मोटरसाइकिल सवार दंपती तथा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सब इंस्पेक्टर श्रवण दौहात ने तत्काल गैसड़ी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कांस्टेबल विनोद गोदारा, हेड कांस्टेबल दिमान सिंह, हेड कांस्टेबल चौरसिया, कांस्टेबल रोशन, कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल विष्णु सैन ने घायलों को प्राथमिक सहायता प्रदान की। बाद में एसएसबी के सरकारी वाहन से तीनों को गैसड़ी स्थित डॉ. संतोष कुमार सिंह अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया।
घायलों की पहचान राजू कुमार (25) पुत्र स्व. रामनरेश निवासी मटेहना सदरडी, गैसड़ी (मूल निवासी विशुनपुर), राहुल कुमार (23) तथा उनकी पत्नी कविता (22) के रूप में हुई।
नशे में धुत व्यक्ति के सामने आने से हुआ हादसा
उपचार के दौरान होश में आई कविता ने बताया कि वह अपने पति राहुल के साथ मायके बसंतपुर से ससुराल पचपेड़वा जा रही थीं। रास्ते में एक व्यक्ति, जो शायद नशे की हालत में था, अचानक सड़क पार करने लगा। उसे बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
कविता ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद एसएसबी जवान मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर इलाज मिल सका।
स्थानीय लोगों ने की जवानों की सराहना
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर एकत्र हो गए। लोगों ने एसएसबी जवानों की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय कार्य की खुलकर प्रशंसा की। उनका कहना था कि यदि समय पर सहायता नहीं मिलती तो घायलों की जान पर गंभीर खतरा मंडरा सकता था। फिलहाल अस्पताल में उपचार के बाद तीनों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
Author: Vikas News
Post Views: 119



