सिद्धार्थनगर : इंडो-नेपाल के बढ़नी बॉर्डर पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार, 9.23 ग्राम स्मैक बरामद

SHARE:

बढ़नी रेलवे स्टेशन के पास विशेष नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी, ड्रग डिटेक्शन किट में हेरोइन (स्मैक) की पुष्टि, ढेबरुआ पुलिस को किया गया सुपुर्द
‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ‘सी’ समवाय ने बड़ी सफलता हासिल की है। सूचना के आधार पर की गई विशेष कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 9.23 ग्राम संदिग्ध हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ को सील कर दोनों आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए थाना ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी को सोमवार तड़के सूचना मिली थी कि दो युवक बलरामपुर से ट्रेन के माध्यम से बढ़नी पहुंचकर मादक पदार्थ लेकर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक कमांडेंट दीपक चंद के निर्देशन में उप निरीक्षक चुड़ामणि के नेतृत्व में विशेष नाका पार्टी गठित की गई। रेलवे स्टेशन बढ़नी के पिछले गेट से गोला बाजार जाने वाले मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध हुलिए के दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने नाम आमिर खान पुत्र सहजीत खान निवासी ग्राम मडनी थाना ढेबरुआ और मुकेश कश्यप पुत्र हरिहर प्रसाद निवासी भट्ठा मोहल्ला, बढ़नी थाना ढेबरुआ बताए। कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए सहायक कमांडेंट दीपक चंद की उपस्थिति में दोनों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अमीर के पास से 3.59 ग्राम तथा मुकेश के पास से 5.64 ग्राम संदिग्ध हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। दोनों के कब्जे से बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 9.23 ग्राम पाया गया।
मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट और डॉग स्क्वॉड की सहायता से जांच करने पर पदार्थ की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इसके बाद बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार सील कर जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई।
एसएसबी के अनुसार, कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा के सीमा स्तंभ संख्या 567/2 से लगभग 300 मीटर भारतीय सीमा के भीतर की गई। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को जब्त मादक पदार्थ एवं आवश्यक अभिलेखों सहित थाना ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now