‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बांसी में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) तथा एनसीईआरटी संरेखित कक्षा चार की नई पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण में जनपद के एआरपी एवं नवाचारी शिक्षकों ने भाग लिया। यहां प्रशिक्षित ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाता अब सभी विकास खंडों में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी श्रवण कुमार एवं सतीश कुमार धवन ने मास्टर ट्रेनर्स को बुनियादी साक्षरता, गणनात्मक दक्षता, अंग्रेजी भाषा के आधारभूत ज्ञान तथा उत्तर प्रदेश के परिप्रेक्ष्य में संशोधित एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों एवं शैक्षिक संदर्शिकाओं का विस्तृत प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान गणित शिक्षण के लिए जीआरआर, चार ब्लॉक मॉडल, कक्षा तीन की हिंदी पाठ्यपुस्तक ‘वीणा-एक’ तथा अंग्रेजी पाठ्यपुस्तक ‘संतूर’ के प्रभावी उपयोग पर भी जानकारी दी गई।
वरिष्ठ प्रवक्ता श्याम प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण में बताई गई भाषा एवं गणित कौशल विकास, गतिविधि-आधारित शिक्षण तथा बाल-केंद्रित शिक्षा पद्धति को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, जिससे बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार हो सके।
वरिष्ठ प्रवक्ता लालजी कुमार पांडेय, अनिल कुमार मिश्र एवं रामचंद्र मौर्य ने ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण को समयबद्ध तरीके से प्रारंभ करने और प्रशिक्षण में सीखी गई शिक्षण विधियों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण का संचालन एसआरजी अंशुमान सिंह, अपूर्व श्रीवास्तव, ट्रेनर कल्पना, पुष्पेंद्र कुमार एवं महेंद्र यादव ने किया। समापन अवसर पर डायट प्रवक्ता मोहम्मद यूनुस, धर्मेंद्र कुमार, डॉ. प्रतिभा सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, फुरकान अहमद, सत्येंद्र सिंह, उत्कर्ष श्रीवास्तव, शिवम पाठक, बालगोविंद, अमित मणि, नरेंद्र यादव, संदीप द्विवेदी, विष्णु त्रिपाठी सहित अन्य उपस्थित रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 160




