नेपाल : कृष्णनगर सीमा शुल्क कार्यालय के उन्नयन के लिए क्रांतिकारी कदम उठाए जाएं : सांसद अभिषेक प्रताप शाह

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
काठमांडू : नेपाली कांग्रेस के सांसद एवं संसदीय दल के उपनेता अभिषेक प्रताप शाह ने कृष्णनगर सीमा शुल्क (भंसार) कार्यालय का उन्नयन कर उसे पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किए जाने की मांग की है।
गुरुवार को प्रतिनिधि सभा की बैठक में बोलते हुए कपिलवस्तु क्षेत्र संख्या 3 के नेपाली कांग्रेस के सांसद एवं संसदीय दल के उपनेता अभिषेक प्रताप शाह ने कहा कि लुम्बिनी प्रदेश के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में शामिल कृष्णनगर सीमा शुल्क नाका का आधुनिकीकरण और स्तरोन्नयन वर्तमान समय की अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
उन्होंने सरकार से कृष्णनगर में पूर्ण रूप से संचालित आव्रजन (इमिग्रेशन) कार्यालय स्थापित करने की जोरदार मांग करते हुए कहा कि कृषि और पशुपालन की अपार संभावनाओं वाले पड़ोसी जिलों दाङ, प्युठान, अर्घाखाँची और कपिलवस्तु की आर्थिक समृद्धि के लिए कृष्णनगर में पूर्ण क्षमता वाली प्लांट क्वारंटीन तथा पशु क्वारंटीन सुविधाएं स्थापित करना भी अनिवार्य है।
सांसद शाह ने कहा कि इन आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विकसित होने से क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य और सुलभ बाजार उपलब्ध होगा। साथ ही, वर्तमान में मौजूद जटिल प्रशासनिक प्रक्रियाओं में भी काफी कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि इससे व्यापार घाटा कम करने में मदद मिलेगी और पूरे लुम्बिनी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। सांसद शाह ने सरकार से कृष्णनगर सीमा शुल्क नाके के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम शीघ्र उठाने का आग्रह किया।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now