सिद्धार्थनगर : छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
त्रिलोकपुर पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे की है। उस समय बालिका के माता-पिता धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। आरोप है कि उसके चाचा लगने वाले 28 वर्षीय युवक ने बालिका को बहला-फुसलाकर घर की छत पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिका के शोर मचाने पर उसका सगा भाई मौके पर पहुंचा, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर त्रिलोकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बालिका को चिकित्सीय परीक्षण एवं उपचार के लिए भेजा। पीड़िता का उपचार माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर में कराया गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक हरे कृष्ण उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश कुमार पुत्र प्रहलाद, निवासी ग्राम डोमसरा, थाना त्रिलोकपुर, को डोमसरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, थाना त्रिलोकपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 126/2026 में धारा 65(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6 के तहत कार्रवाई की गई है। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरे कृष्ण उपाध्याय, हेड कांस्टेबल सरोज कुमार यादव, कांस्टेबल विशाल बौद्ध तथा कांस्टेबल कृष्ण कुमार शामिल रहे।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now