सिद्धार्थनगर में 85 लाख का गांजा बरामद, 162 किलो खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार, नोएडा भेजने की थी तैयारी, तीन साथी फरार ; एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : जिले की शिवनगर डिड़ई थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 85 लाख रुपये मूल्य का 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि 23 जून को शिवनगर डिड़ई थाना प्रभारी बृजेश सिंह अपनी टीम के साथ बेलगढ़ी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पांच प्लास्टिक के बोरों के पास खड़े चार संदिग्ध व्यक्तियों को देखकर पुलिस ने पूछताछ का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम को देखते ही चारों भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित निवासी फर्रुखाबाद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पांच बोरों से 28 पैकेटों में रखा गया कुल 162 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 85 लाख रुपये है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों पिंटू चौरसिया, सूर्य प्रकाश चौरसिया और अमन के साथ इस खेप को बस के माध्यम से गौतमबुद्धनगर (नोएडा) भेजने की तैयारी कर रहा था। पुलिस के पहुंचने से पहले उसके तीनों साथी फरार हो गए।
जांच में सामने आया है कि फरार आरोपी पिंटू चौरसिया और सूर्य प्रकाश चौरसिया मूल रूप से अयार गांव, थाना शिवनगर डिड़ई के निवासी हैं और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के चोटपुर क्षेत्र में रह रहे हैं। तीसरे आरोपी अमन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी तथा उसके साथियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। श्यामू दीक्षित के खिलाफ गौतमबुद्धनगर में दुष्कर्म, लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं पिंटू चौरसिया पर एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
मामले में थाना शिवनगर डिड़ई पर अपराध संख्या 50/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
थानाध्यक्ष बृजेश सिंह, एसआई राजीव जी भट्ट, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र गौतम, सुशील राय, कांस्टेबल सौरभ सिंह एवं अजय कुमार यादव।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि बरामद गांजे के स्रोत, परिवहन मार्ग और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की आर्थिक एवं आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पचपेड़वा में राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की तैयारियां तेज, दिसंबर में होगा पांच दिवसीय आयोजन; बौद्धिक वर्ग, पत्रकार, शिक्षक, छात्र, किसान और कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ संस्कारवान पीढ़ी निर्माण पर रहेगा विशेष जोर

error: Content is protected !!

Follow Us Now