‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : डुमरियागंज-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान बस्ती जिले के सोहना थाना क्षेत्र के ग्राम बनरही निवासी साधना के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साधना अपने भाई गोरखनाथ के साथ शाहपुर स्थित एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। समारोह से वापस लौटते समय दोनों स्कूटी से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी डुमरियागंज-बस्ती हाईवे पर स्थित शिवम मैरेज हॉल के सामने पहुंची, वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी गिरने के बाद पीछे से तेज गति से आ रहा एक ट्रक साधना को रौंदते हुए निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही डुमरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे कादिराबाद गांव के पास से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।

डुमरियागंज पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है तथा मृतका के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Author: Vikas News
Post Views: 284





