‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : स्वच्छ भारत अभियान के तहत शनिवार को थाना सिद्धार्थनगर क्षेत्र स्थित राजकीय उद्यान पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने किया, जिसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान के दौरान एसएसपी ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने पार्क एवं उसके आसपास फैले प्लास्टिक कचरे, पॉलीथीन और अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर उसके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था कराई।

इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छ वातावरण न केवल आमजन को बेहतर सुविधाएं प्रदान करता है, बल्कि पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनता है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित होते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

स्वच्छता अभियान में सैकड़ों पुलिसकर्मियों एवं रिक्रूट आरक्षियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 124





