‘हाड़ा’ विकास सिंह
विकास न्यूज़, सिद्धार्थनगर : जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बाणगंगा नदी में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नदी में शव उतराता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे बाणगंगा नदी पुल के पास ग्रामीणों ने एक युवक का शव नदी में तैरता हुआ देखा। शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस द्वारा घटनास्थल पर ही युवक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन अथवा अन्य ऐसा सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। इसके बाद पुलिस ने शव की तस्वीरें जिले के विभिन्न थानों और संबंधित इकाइयों को भेजकर पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाणगंगा नदी का उद्गम पड़ोसी देश नेपाल के अर्घाखांची क्षेत्र में माना जाता है और इसका प्रवाह नेपाल से भारत की ओर होता है। इसी कारण क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि युवक का शव बहकर नेपाल से भारतीय सीमा में पहुंचा हो सकता है। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह निकटतम पुलिस थाने से संपर्क कर सकता है, जिससे शव की पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।





