‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर/कपिलवस्तु (नेपाल) : सिद्धार्थनगर जिले के इटवा क्षेत्र से नेपाल जा रहे श्रद्धालुओं की कार एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। नेपाल के कपिलवस्तु जिले के धानखोला क्षेत्र के पास कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में करीब आधा दर्जन भारतीय श्रद्धालु घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, इटवा थाना क्षेत्र के रहने वाले श्रद्धालु श्रवण पांडेय, ग्राम चरथरी के प्रधान बालक राम यादव, सरोज गौड़ और आयुष सहित अन्य लोग भारतीय कार से प्रभुनाथ बाबा के दर्शन के लिए नेपाल जा रहे थे। इसी दौरान धानखोला इलाके के समीप उनकी कार की तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
नेपाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद घायलों के परिजनों ने नेपाली प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घायल श्रवण पांडेय के रिश्तेदार पंकज चतुर्वेदी के अनुसार स्थानीय प्रशासन ने सहयोग करने के बजाय घायलों के साथ दुर्व्यवहार किया। कार सवारों से करीब 10 हजार मुआवजे की मांग की गई तथा सरकारी अस्पताल में इलाज के नाम पर 16 से 18 हजार रुपये तक वसूले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चिंता का माहौल है। सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Author: Vikas News
Post Views: 454







