सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ में भीषण सड़क हादसा : 2 की मौत, 2 गंभीर घायल

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा परसा पडरिया गांव के समीप स्थित सड़क किनारे एक पोखरे के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक निजी कार से इटवा क्षेत्र से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वाहन पडरिया गांव के पास पहुंचा, चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और सड़क किनारे स्थित पोखरे के पास जा गिरी।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दुर्घटना में निसार अहमद (38 वर्ष) पुत्र नजीर अहमद और नौशाद अहमद (19 वर्ष) पुत्र निजाम अहमद, निवासी ग्राम धंधरी कला, पोस्ट मोहनकोला थाना शोहरतगढ़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं, रियाज अहमद (27 वर्ष) पुत्र नजीर अहमद और असद अहमद (13 वर्ष) पुत्र निसार अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now