बढ़नी नगर पंचायत बोर्ड बैठक में अधिशासी अधिकारी की कार्यशैली पर उठे सवाल, सभासदों में रोष

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : नगर पंचायत बढ़नी के सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में विकास कार्यों में देरी, अधूरे निर्माण कार्यों और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर सभासदों ने तीखी नाराजगी जताई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने की, जिसमें विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ कई प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक की शुरुआत पिछली कार्यवाही की पुष्टि से हुई। इसके बाद वर्ष 2020-21 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के अंतर्गत स्वीकृत लगभग 1.02 करोड़ रुपये की लागत से वार्ड संख्या 10 एवं 11 में प्रस्तावित आरसीसी नाला, फर्श एवं रेलिंग निर्माण कार्य का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सभासदों ने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व बैठक में ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और प्रस्ताव निरस्त करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

नगर पंचायत की जेसीबी मशीन करीब डेढ़ वर्ष से खराब पड़ी होने पर भी सभासदों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कई बार जानकारी मांगने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, जिससे सफाई और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसे प्रशासनिक उदासीनता बताते हुए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।

बैठक में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों और विकास कार्यों में हो रही देरी पर भी गंभीर चर्चा हुई। बोर्ड ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर व्यवस्था में सुधार लाने का प्रस्ताव पारित किया।

कर्मचारियों के वेतन भुगतान का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। सभासदों ने मांग की कि कर्मचारियों को शासन के नियमों के अनुरूप वेतन दिया जाए तथा कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों के वेतन में नियमानुसार वृद्धि की जाए। साथ ही गैर-जरूरी खर्चों और भुगतानों में कटौती करने का सुझाव भी दिया गया।

सभासदों ने धारा 60 एवं 63 के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि सार्वजनिक निर्माण, जलकल और कर्मचारियों से जुड़े मामलों में नियमों की अनदेखी की जा रही है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई।

बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी अजय कुमार की कार्यशैली पर भी सवाल उठे। कुछ सभासदों का आरोप था कि बोर्ड को विश्वास में लिए बिना कार्य किए जा रहे हैं, जिससे विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।

बैठक में निज़ाम अहमद, रजीउद्दीन, निसार अहमद, अनीता जायसवाल, त्रियुगी नाथ अग्रहरि, मनोज यादव, रामधनी मौर्य, कन्हैया मित्तल, दीपमाला, आसमा खातून और दरख्शा सहित अन्य सभासद उपस्थित रहे।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now