‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : बढ़नी क़स्बा स्थित रेलवे जीएफसी होटल सभागार में रिपोर्टर्स क्लब ऑफ बढ़नी द्वारा अभिनंदन एवं शुभकामना आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, बस्ती मंडल के नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष डॉ. बलराम त्रिपाठी को माला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह स्वरूप शॉल व मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने डॉ. त्रिपाठी के पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान की सराहना की।

बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बलराम त्रिपाठी ने कहा कि वे प्रदेश नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी जनता की आवाज उठाने का कार्य करते हैं। ऐसे में उनके अधिकारों की रक्षा के लिए वे निरंतर संघर्षरत रहेंगे।

नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने विश्वास जताया कि डॉ. त्रिपाठी अपने नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे साथ पत्रकार हितों के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

एसएसबी बीओपी बढ़नी के इंचार्ज एवं असिस्टेंट कमांडेंट संजय केपी ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सजग प्रहरी बताते हुए उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और डॉ. त्रिपाठी को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन बलरामपुर के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार टीबी लाल श्रीवास्तव ने कहा कि पत्रकारिता मिशन की भावना से की जानी चाहिए। जनहित सर्वोपरि रखते हुए शासन-प्रशासन की कमियों को उजागर करना पत्रकार का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में भी पत्रकारों को अपनी शर्तों पर निष्पक्ष पत्रकारिता करनी चाहिए।

नगर पंचायत बढ़नी के पूर्व चेयरमैन निसार अहमद ‘बागी’ ने कहा कि युवा पत्रकारों को अपने वरिष्ठों से सीख लेकर पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने चिंता जताई कि कुछ लोग इस पेशे की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे पूरे समाज को इसका दुष्परिणाम भुगतना पड़ रहा है।

भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह उर्फ राजू शाही ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उनकी जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्षता के साथ समाज के हर वर्ग की आवाज को सामने लाएं।
उत्तर प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष मो. इब्राहिम ने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है और डॉ. त्रिपाठी के नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।
ग्रापए शोहरतगढ़ के तहसील महामंत्री मुस्तन शेरुल्लाह ने डॉ. त्रिपाठी की सामाजिक सक्रियता और निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

अतिथियों का स्वागत करते हुए वरिष्ठ पत्रकार ‘हाड़ा’ विकास सिंह ने कहा कि रिपोर्टर्स क्लब का उद्देश्य पत्रकारों को एकजुट कर उनके अधिकारों की रक्षा करना और समाज में सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अजय प्रताप गुप्त ने की तथा संचालन डॉ. राज नरायन उपाध्याय ने किया।

चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने डॉ. बलराम त्रिपाठी व असिस्टेंट कमांडेंट संजय केपी को भगवान श्रीकृष्ण का चित्र व शाल भेंटकर उनका अभिनन्दन किया।

इस अवसर पर पत्रकार उदय श्रीवास्तव, दिनेश पांडेय, सलमान हिंदी, रमेश शुक्ल, सगीर ए खाकसार, धीरेंद्र प्रताप त्रिपाठी, मनोहर राव, अब्दुल कुद्दूश, शैलेंद्र पांडेय, चंदालाल, नंदलाल, पवन यादव, मो. जमाल, ओजेर खान, शंभूनाथ त्रिपाठी सहित भूमिराज भट्टराई, सतीश शर्मा, निजाम अहमद, जुग्गीराम राही, विनीत कमलापुरी, डॉ. चंद्रशेखर शुक्ला, नंदकिशोर शर्मा, विश्वनाथ अग्रवाल, सिद्धार्थ शंकर पाठक, संतराम अग्रहरि, प्रदीप कमलापुरी, भूमिराज भट्टराई, गोमा बीसी, कल्पना क्षेत्री, मुकेश सिंह परिहार, भान प्रताप सिंह, यशोदानंद मिश्रा, अभिमन्यु जायसवाल, प्रिंस श्रीवास्तव, अब्दुल कादिर, भोजपुरी गायक अमरमणि दूबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




