ककरहवा बॉर्डर पर 18 पासपोर्ट के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार, 16 बांग्लादेशी पासपोर्ट बरामद

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह 

सिद्धार्थनगर : इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित ककरहवा बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। मोहाना पुलिस, एसएसबी 43वीं वाहिनी और सीमा शुल्क इकाई की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक नेपाली नागरिक को 18 पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद पासपोर्टों में 16 बांग्लादेशी और 2 नेपाली पासपोर्ट शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम द्वारा चेक पोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान नेपाल से भारतीय दूतावास के परमिट पर दिल्ली जा रही एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान बस चालक के पास से उक्त पासपोर्ट बरामद हुए, जिसके बाद उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जलंधर धामी पुत्र रामपुकार धामी, निवासी हरिपुर-7, जिला सरलाही (नेपाल) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह इन पासपोर्टों को काठमांडू स्थित गंगबू बस स्टैंड से एक बस एजेंट के माध्यम से प्राप्त कर दिल्ली में एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी के कार्यालय तक पहुंचाने के लिए ले जा रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(3) और 338 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहाना जितेंद्र सिंह, निरीक्षक संजीव कुमार, एसआई प्रदीप कुमार सिंह सहित पुलिस बल और एसएसबी के कई जवान शामिल रहे।

सीमा पर बढ़ाई गई सतर्कता

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पर निगरानी और सख्त कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय दस्तावेजों की अवैध तस्करी को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now