‘हाड़ा’ विकास सिंह
अर्घाखांची (नेपाल) : अर्घाखांची जिले में मंगलवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए। घायलों में 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अर्घाखांची जिले के पुलिस कार्यालय संधिखर्क के इंस्पेक्टर/सूचना अधिकारी झलक प्रसाद शर्मा के अनुसार जिले के पाणिनी गांवपालिका-8 स्थित दुर्गाफाट कुरुले क्षेत्र में संधिखर्क-घुमटी तानसेन (पाल्पा) सड़क मार्ग से एक बस (ध1ख504) सुपा देउराली से दर्शन कर पर्वत जिले के मोदी गांवपालिका लौट रही थी। इसी दौरान अचानक ब्रेक फेल होने से बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस करीब 180 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान कास्की जिले के पोखरा महानगरपालिका-19 निवासी राममाया बस्नेत, बिंदु कुँवर (78 वर्ष), पर्वत जिले के मोदी गांवपालिका-5 निवासी कौशिला रेग्मी (50 वर्ष) और बस चालक रमेश जीसी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना में 27 लोग घायल हो गए जिनमें से 4 की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज लुंबिनी मेडिकल कॉलेज (प्रभास, पाल्पा) और भैरहवा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। कुछ घायलों को अर्घाखांची अस्पताल से बेहतर उपचार के लिए भैरहवा रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, बस में सवार अधिकांश यात्री पर्वत जिले के मोदी गांवपालिका क्षेत्र के निवासी थे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है।
Author: Vikas News
Post Views: 311




