बढ़नी में दिनदहाड़े बाइक चोरी, पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल

SHARE:

सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत के नगर पंचायत बढ़नी में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पंजाब नेशनल बैंक के सामने खड़ी लाल रंग की होंडा यूनिकॉर्न बाइक को वाहन चोर गिरोह ने बेखौफ होकर चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि बाइक पीएनबी के उप प्रबंधक संजय कुमार वर्मा की है।

घटना मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे की बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि भीड़भाड़ वाले इलाके और बैंक के सामने से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी कहीं नजर नहीं आई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद चोर आराम से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बढ़नी क्षेत्र में लंबे समय से वाहन चोर गिरोह सक्रिय है, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू करने की बात कही, लेकिन लोगों का कहना है कि केवल जांच का आश्वासन दिया जाता है, जबकि अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

नगरवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और वाहन चोर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now