सिद्धार्थनगर : भवानीगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भड़रिया नहर पुल के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान प्रभात यादव पुत्र परशुराम यादव निवासी चंद्रदीपघाट जगन्नाथपुर थाना खोड़ारे जनपद गोंडा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रभात अपने परिवार का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक किसी काम से जा रहे थे, तभी तेज गति से आ रही पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही भवानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद चालक पिकअप वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।




