सिद्धार्थनगर : जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बेहद दुखद हादसा सामने आया, जिसमें स्कूल बस की चपेट में आने से एक 8 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान आदित्य शर्मा (पुत्र अनिल कुमार शर्मा) निवासी ग्राम औरहवा के रूप में हुई है, जो क्षेत्र के पथरदेईया स्थित स्व. कन्या कलावती माध्यमिक विद्यालय का छात्र था।
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम औरहवा गांव से करीब एक दर्जन बच्चे बस से स्कूल आते-जाते हैं। रोज की तरह स्कूल बस बच्चों को लेने आई थी। जब आदित्य बस में चढ़ रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बस के पहिए के नीचे आ गया। बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आदित्य बस में चढ़ने वाला आखिरी छात्र था। आदित्य की बड़ी बहन प्रिया भी उसी बरसाती यादव इंटर कॉलेज की छात्रा है। दोनों भाई-बहन रोज एक साथ इसी बस से स्कूल जाते थे, लेकिन इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बहन के सामने ही उसके छोटे भाई की जान चली गई। आदित्य तीन बहनों के बीच इकलौता बेटा था। इस हादसे से परिवार का इकलौता सहारा छिन गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
हादसे के समय बस में खलासी मौजूद नहीं था, जिसे इस दुर्घटना का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी स्कूली बसों में खलासी की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।




