सिद्धार्थनगर : नेपाल के कपिलवस्तु जिले में ज्वेलरी शॉप चोरी मामले में पाकिस्तानी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मामले के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है। नेपाल पुलिस द्वारा त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से दो पाकिस्तानी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भारतीय एजेंसियों ने भी अलर्ट जारी किया है। यह आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार सीमा पार अन्य क्षेत्रों से भी जुड़े हो सकते हैं।
नेपाल से सटी सिद्धार्थनगर जिले की 68 किमी खुली सीमा पर भारतीय सुरक्षा एजेंसियां विशेष नजर रख रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की आवाजाही की जांच को सख्त किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, भारत-नेपाल की खुली सीमा का दुरुपयोग कर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में इस मामले को केवल चोरी तक सीमित न मानते हुए इसके संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां नेपाल पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही हैं ताकि इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके संपर्कों का पता लगाया जा सके। साथ ही, सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थानीय पुलिस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।




