नेपाल : गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने दिया इस्तीफा, शेयर ट्रांजैक्शन विवाद के बाद लिया नैतिक फैसला

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
काठमांडू : नेपाल की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है, जहां गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने एक विवादित कारोबारी के साथ कथित शेयर ट्रांजैक्शन मामले में नाम सामने आने के बाद यह कदम उठाया है।
नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने अपने इस्तीफे में कहा कि सरकार 46 लोगों के खून और बलिदान के आधार पर बनी है और ऐसे में यदि सरकार की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं, तो एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए नैतिकता का पालन करना आवश्यक हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी जांच को प्रभावित न करने और पद की गरिमा बनाए रखने के लिए इस्तीफा दिया है।

सूत्रों के अनुसार, गृहमंत्री ने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को सौंप दिया है। हालांकि, अभी तक इस इस्तीफे को औपचारिक रूप से स्वीकार किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामला उस समय सुर्खियों में आया जब सुदन गुरुंग का नाम विवादित बिजनेसमैन दीपक भट्ट के साथ शेयर लेनदेन में जुड़ने की खबर सामने आई। विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल खड़े किए। इसके बाद राजनीतिक दबाव लगातार बढ़ता गया।
वहीं, सत्ता पक्ष के कुछ नेताओं ने इसे गुरुंग का नैतिक कदम बताते हुए कहा कि उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए जिम्मेदारी निभाई है। दूसरी ओर, विपक्ष इसे सरकार की छवि पर गंभीर आघात मान रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
इस इस्तीफे के बाद नेपाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रधानमंत्री इस इस्तीफे पर क्या निर्णय लेते हैं और आगे इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।

गृहमंत्री सुदन गुरुंग के लिए विदाई समारोह

गृह मंत्रालय, सिंह दरबार में गृहमंत्री सुदन गुरुंग के सम्मान में एक विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक दान बहादुर कार्की सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने उनकी सेवाओं और नेतृत्व की सराहना की।

अपने कार्यकाल के दौरान सुदन गुरुंग ने पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में मंत्रालय ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जो देश की सुरक्षा और प्रशासनिक मजबूती के लिए अहम साबित हुए।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now