बढ़नी-कृष्णनगर कस्बे में श्रद्धा और आस्था के साथ निकाली गई भव्य निशान शोभा यात्रा, जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का किया गया स्वागत

SHARE:

सिद्धार्थनगर : श्रद्धा और आस्था के प्रतीक श्री खाटू श्याम जी की भव्य निशान शोभा यात्रा मारवाड़ी सेवा समिति एवं मारवाड़ी युवा मंच (सनराइज) बढ़नी-कृष्णनगर के तत्वाधान में बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। जिसमें रंग बिरंगे परिधानों में सजी महिलाएं और श्याम बाबा का केशरिया दुपट्टा ओढ़े श्रद्धालु पूरे रास्ते भक्ति रस से ओतप्रोत होकर निशान लेकर नाचते-गाते चल रहे थे। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया।

कृष्णनगर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में सजा श्याम बाबा का दरबार

मारवाड़ी सेवा समिति एवं मारवाड़ी युवा मंच (सनराइज) बढ़नी-कृष्णनगर के द्वारा विशाल सतरंगी श्याम फाल्गुनोत्सव कार्यक्रम के तहत बढ़नी कस्बे के राणी सती दादी मंदिर से आराध्य देव खाटू श्याम की भव्य निशान शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा के माल गोदाम तिराहे पर पहुंचने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने उस पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जो स्टेशन रोड़, कस्टम ऑफिस रोड़ होते हुए नेपाल के कृष्णनगर कस्बे में पहुंची।

श्याम प्रेमियों का स्वागत करते अभिषेक प्रताप शाह, सुनील अग्रहरि

श्याम प्रेमियों पर पुष्प वर्षा करते नेपाली कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक प्रताप सिंह व उनकी पत्नी

पूर्व सांसद व नेपाली कांग्रेस के प्रत्याशी अभिषेक प्रताप सिंह ने सपत्नीक श्याम प्रेमियों के ऊपर पुष्प वर्षा कर सभी का सम्मान किया। कृष्णनगर कस्बे के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर पर पहुंचकर शोभायात्रा समाप्त हुई।

शोभायात्रा में सम्मिलित शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा

शोभायात्रा में सम्मिलित शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा पूरे यात्रा के दौरान श्याम भजनों में झुकते नजर आए। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में पहुंचकर उन्होंने बाबा श्याम से कामना की कि उनकी कृपा सभी पर बनी रहे और क्षेत्र में सुख-समृद्धि का वास हो।

श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में श्याम बाबा का दर्शन करते शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा

बाबा के जयकारों के साथ श्याम बाबा का निशान अर्पण करने का सिलसिला काफी देर तक चलता रहा।निशान अर्पण के पश्चात भक्तों में श्याम बाबा का प्रसाद वितरित किया गया। शोभायात्रा के आगे-आगे श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के रथ को निकाला।

निशान शोभा यात्रा का स्वागत करते नगर पंचायत बढ़नी बाजार के चेयरमैन सुनील अग्रहरि व रवि अग्रवाल

भक्तों द्वारा श्याम बाबा को समर्पित ‘मेरे सर पे रख दे हाथ बाबा…’, ‘हाथों में निशान हो, ‘सामने मेरे श्याम हो…’, ‘आए हैं दिन फागण के, आए हैं दिन नाचण के…, आदि भजन-कीर्तन गाते हुए और ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारे लगाते पूरे उत्साह के साथ चल रहे थे। जिससे पूरा माहौल श्याममय हो गया था।

शोभायात्रा में रथ पर सजा खाटू श्याम का दरबार

पदाधिकारी गोकुल गोयल ने बताया कि विशाल सतरंगी श्याम फाल्गुनोत्सव कार्यक्रम में शुक्रवार सायं सात बजे अखंड ज्योति प्रज्ज्वलन तथा सायं साढ़े सात बजे से कानपुर से आये शिवम वर्मा व दिल्ली की प्रेरणा मित्तल द्वारा अमृतमयी भजनों की वर्षा होगी। इसके अलावा दिल्ली की बंटी सोनिया एंड पार्टी द्वारा नृत्य नाटिका तथा तिवारी ब्रदर्स म्यूजिकल आर्मी द्वारा भजनों की प्रस्तुति की जाएगी।

शोभा यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालु 

शोभा यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालु

शोभायात्रा में ये श्रद्धालु रहे सम्मिलित
शोभायात्रा में शोहरतगढ़ चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, नगर पंचायत पचपेड़वा चेयरमैन रवि वर्मा, वीरेंद्र कानोड़िया, ईश्वर दयाल मिश्र, राम नरेश उपाध्याय, शिवम उपाध्याय, मनोज कानोड़िया, प्रदीप कमलापुरी, विवेक गुप्ता, रितेश शर्मा, दिनेश अग्रवाल, राजकुमार अग्रहरि, संजय मित्तल, संजय जायसवाल, श्याम जायसवाल, रामऔतार टिबड़ेवाल, निश्चल सिंघल, जीतेंद्र गोयल, डॉ. अमृत मित्तल, योगेंद्र बेनीरामका, रौनक खेतान, अजय गोयल, कनक कानोडिया, भरत बिरमीवाल, राजन उपाध्याय, रमेश मौर्या, मनोज पांडेय आदि श्रद्धालुओं सहित सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शोहरतगढ़ सीओ मयंक द्विवेदी, ढेबरुआ एसओ दुर्गा प्रसाद, बढ़नी चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now