‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में आगामी 5 मार्च, गुरुवार को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव तथा 4 मार्च, बुधवार को होली पर्व को देखते हुए इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस दौरान दो मार्च की मध्यरात्रि से पांच मार्च की मध्यरात्रि तक तीन दिन दोनों देशों के नागरिकों का अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सहायक सीडीओ, कपिलवस्तु द्वारा जारी पत्र
नेपाल के कपिलवस्तु जिले के सहायक प्रमुख जिलाधिकारी भविश्वर घिमिरे द्वारा जारी सूचना के अनुसार दो मार्च, सोमवार की मध्यरात्रि 12 बजे से लेकर पांच मार्च, गुरुवार की रात मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने तक सीमा पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में पैदल यात्रियों सहित निजी एवं सार्वजनिक वाहनों-दो पहिया, चार पहिया और भारी वाहनों के भारत-नेपाल सीमा पार करने पर पूर्ण रोक रहेगी। जिसके चलते बढ़नी, खुनुवा, ककरहवा सहित नेपाल से लगी अन्य सीमाओं से आवागमन नहीं हो सकेगा। उक्त बॉर्डर सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए उठाया गया है। हालांकि, मानवीय आधार पर आवश्यक सेवाओं को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। एंबुलेंस एवं अस्पताल के आवश्यक वाहन, शव वाहन, अग्निशमन सेवा (दमकल), दूरसंचार सेवा, दूध, पानी के टैंकर आदि से जुड़े वाहन सीमा पार कर सकेंगे।
सीमा पार आवागमन करने वाले लोगों की जांच करते एसएसबी के जवान
निर्धारित अवधि में सीमा बंदी के निर्देशों का पालन करने की अपील
पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से सिद्धार्थनगर जिले की 68 किमी सीमा लगती है। जो पूरी तरह से खुली हुई सीमा है।बढ़नी, खुनुवा, ककरहवा बॉर्डर से आधिकारिक रूप से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग व्यापार, इलाज, शिक्षा और पारिवारिक कारणों से आवाजाही करते हैं। ऐसे में सीमा बंदी का असर सीमावर्ती इलाकों पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। प्रशासन ने आम नागरिकों, व्यापारियों और यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से सुनिश्चित कर लें और निर्धारित अवधि में सीमा बंदी के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए नेपाली प्रशासन द्वारा सीमावर्ती भारतीय सुरक्षा एजेंसियों से लगातार कोऑर्डिनेशन किया जा रहा है।
नेपाल में संसदीय चुनाव को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने के लिए इंडो-नेपाल बॉर्डर को तीन दिनों तक बंद रहने का निर्देश जारी किया गया है।
खगेंद्र प्रसाद अर्याल
सीडीओ, कपिलवस्तु, नेपाल
नेपाल में चुनाव के मद्देनजर नेपाली प्रशासन द्वारा भारत-नेपाल बॉर्डर बंद करने को लेकर ऑर्डर जारी किया गया है। जिसके अनुपालन को लेकर नेपाल के सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ कोआर्डिनेशन मीटिंग की गई है। उनके सहयोग के लिए बॉर्डर को निर्धारित समय तक बंद रखा जाएगा। इसके अलावा भारत सरकार के आदेश का इंतजार किया जा रहा है।
मुकेश गुर्जर
डिप्टी कमांडेंट, एसएसबी 50वीं वाहिनी, बलरामपुर




