बढ़नी क्षेत्र के चरिगंवा में बाल श्रम मुक्त गांव के संकल्प के साथ मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान ने वृहद मेगा कैंप का किया आयोजन

SHARE:

सिद्धार्थनगर : बाल श्रम मुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से बढ़नी विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत चरिगंवा में गुरुवार को मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान द्वारा वृहद मेगा कैंप का आयोजन किया गया। मेगा कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी सम्पन्न कराई गई।

संस्थान के डिस्ट्रिक्ट लीड प्रसून शुक्ला ने कहा कि बाल श्रम न केवल बच्चों के अधिकारों का हनन है, बल्कि यह समाज के समग्र विकास में भी बाधक है। उन्होंने कहा कि जब तक हर बच्चा विद्यालय में नहीं होगा और सुरक्षित वातावरण में उसका सर्वांगीण विकास नहीं होगा, तब तक विकसित समाज की कल्पना अधूरी रहेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को शिक्षा से जोड़ें और किसी भी परिस्थिति में बाल श्रम को बढ़ावा न दें।

जिला सलाहकार जय प्रकाश गुप्ता ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रदेश का प्रत्येक गांव बाल श्रम मुक्त हो। इसके लिए प्रशासन, संस्थाएं और समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि मेगा कैम्प का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की सही जानकारी देकर उन्हें उनका अधिकार दिलाना है, ताकि आर्थिक मजबूरी के कारण कोई भी परिवार अपने बच्चों से श्रम न कराए। उन्होंने ग्रामीणों से बाल श्रम के मामलों की सूचना संबंधित विभाग को देने की भी अपील की।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्रतिनिधि विजय शंकर यादव एवं काजल श्रीवास्तव ने सभी ग्रामीणों को बाल श्रम मुक्त गांव बनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही बाल श्रम जैसी कुप्रथा का पूर्ण उन्मूलन संभव है। मेगा कैंप में श्रम विभाग के अमरजीत पाण्डेय, ग्राम पंचायत सचिव अनुपम सिंह, कृषि विभाग से रामसेवक व सुशील कुमार, लेखपाल सुनील, सीएचओ सुमन, पंचायत सहायक दीपिका सहित अब्दुल सलाम, मुमताज, बलिराज, विस्मिल्लाह खां, कमलेश, संजय, मयंक, संतोष, अर्जुन यादव, जगई, ममता, रवि, मन्नू, बद्रीनाथ, अफजल व महेश समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now