सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत के राष्ट्रीय राजमार्ग-730 स्थित मदरहिया गांव के पास शनिवार सुबह एक साइकिल सवार छात्र को बचाने के प्रयास में एक स्कूली बस व एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें बस व वैन में सवार लगभग 19 बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी ले जाया गया, जहां से पांच को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। साइकिल सवार पिकौरा निवासी सोमेश्वर को भी सिर में चोट लगने के कारण मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
शनिवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-730 के बढ़नी-शोहरतगढ़ मार्ग पर ग्राम अकरहरा स्थित दर्सगाह जामियातुस्सालिहात इस्लामिया स्कूल की एक बस छात्राओं को लेकर शोहरतगढ़ से ढेबरुआ की ओर जा रही थी, जबकि सनराइज पब्लिक स्कूल तुलसियापुर की मैजिक विपरीत दिशा से आ रही थी। इसी बीच करीब पौने नौ बजे मदरहिया गांव के पास दोनों वाहनों के सामने अचानक एक साइकिल सवार स्कूली बच्चा आ गया। कोहरा और साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में स्कूली बस और वैन अनियंत्रित होकर पलट गए। बस व वैन के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्कूली बस पलटने की घटना में सायमा (25), हसबा हबीब (15), हसीमा (14), अदीबा (13), सोदशबा (12), मुजसमीम (12), ताइबा (11), शबा (14), सोदा (13), साइमा (16), फलक (13), मुजरिक (12), फरहान (14), हशीबा (13), सोमेश्वर प्रसाद (8), अदीना (14), अजीमा फिरदौस (16), मोबसरा फिरदौस (15) और खुदा मुहाबिज (14) गम्भीर रूप से घायल हो गए थे।

मौके से गुजर रहे राहगीर व आसपास के ग्रामीण तुरंत बचाव कार्य में जुट गए तथा घायलों को गाड़ी से बाहर निकालना शुरु किया। हादसे की सूचना मिलते ही ढेबरुआ पुलिस भी सक्रिय हो गई। ढेबरुआ थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में जवानों ने सभी घायल बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बढ़नी पहुंचाया।



जहां प्राथमिक उपचार के बाद साइमा (21 वर्ष), अदीना (14 वर्ष), अजीमा (16 वर्ष), मोब्बस्सरा (16 वर्ष), सोदा (13 वर्ष) तथा साइकिल सवार आठ वर्षीय सोमेश्वर प्रसाद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया। 13 घायल बच्चों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बढ़नी पर करने के बाद उन्हें उनके घर भेज दिया गया।


शोहरतगढ़ एसडीएम विवेकानंद मिश्र सीओ मयंक द्विवेदी और सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया भी पीएचसी बढ़नी पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के दिशा निर्देश दिए।
डॉ. अविनाश चौधरी, एमओआईसी, पीएचसी बढ़नी
विवेकानंद मिश्र, एसडीएम, शोहरतगढ़
डॉ. एके झा, सीएमएस, माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर
कोहरा और साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में दुर्घटना हुई। सभी घायल सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन राहत और उपचार कार्य में जुटा रहा।
नारायण लाल श्रीवास्तव
थानाध्यक्ष, ढेबरुआ




