कपिलवस्तु, नेपाल : नेपाल पुलिस ने कपिलवस्तु जिले के कृष्णनगर में ऑनलाइन धोखाधड़ी व क्रिप्टोकरेंसी में धंधा करने के आरोप में दो भारतीयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने फेसबुक, व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों पर लुभावने विज्ञापनों के जरिए लोगों को रोजगार देने और घर से काम कर पैसे कमाने का लालच देकर लुभाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नेपाल के सीमावर्ती कपिलवस्तु जिले के पुलिस उपाधीक्षक व सूचना अधिकारी रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि इंडो-नेपाल बॉर्डर के कृष्णनगर में कुछ लोग क्रिप्टोकरेंसी (गैर-भौतिक मुद्रा) कारोबार में लिप्त हैं। सूचना के आधार पर सक्रिय कृष्णनगर पुलिस कार्यालय के इंस्पेक्टर ईश्वर लौडारी के नेतृत्व वाली एक पुलिस टीम ने कृष्णनगर नगर पालिका के वार्ड नंबर 2 बस पार्क स्थित हंबल होटल से दो भारतीय युवकों को क्रिप्टोकरेंसी (गैर-भौतिक) मुद्रा के धंधे में लिप्त होने के आरोप में पकड़ा।
उनकी पहचान महाराष्ट्र के मुंबई मलाड पूर्व, पिपरी पाड़ाचौल निवासी साहिल सुनील सिंह और उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मडियांव निवासी विपिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से विभिन्न कंपनियों के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
डीएसपी रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों भारतीय नागरिकों को कपिलवस्तु जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिनों की रिमांड पर लेकर आगे की जांच की जा रही है।




