सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ कस्बे में बुधवार को उप निबंधक कार्यालय, शोहरतगढ़ के निर्माण कार्य का शुभारंभ वर्चुअल रुप से प्रदेश के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल मंत्री ने सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के माध्यम से किया। इस दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
प्रदेश के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों से कहा कि लगभग 2.29 करोड़ रुपए की लागत से उप निबन्धक कार्यालय के बनने में किसी भी प्रकार की अनियमितता व लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके बनने से रजिस्ट्री कार्यालय में आने वाले जनसामान्य को बेहतर सुविधा मिलेगी। मंत्री ने कार्यदाई संस्था के अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि जिस भवन का शिलान्यास किया जा रहा है, उसका निर्माण कार्य निर्धारित समय से मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। निर्माण कार्य में हर हालत में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण कार्य का इंस्पेक्शन करने के लिए विधायक विनय वर्मा से कहा।

विधायक विनय वर्मा ने कहा कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कई परियोजनाओं का भूमिपूजन शीघ्र ही किया जाएगा। आपका विधायक कभी अपने लिए नहीं लड़ता है, वह जब भी किसी से लड़ता है तो अपनी जनता के लिए लड़ता है।

उप महानिरीक्षक निबंधन, बस्ती मंडल शशि भानु मिश्र ने कहा कि शोहरतगढ़ में बैनामा करने व करवाने वाले लोगों को नया भवन बनने के बाद काफी सहूलियत होगी। उन्होंने विभाग द्वारा कई योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान बनने वाले उप निबंधक कार्यालय का भूमिपूजन व शिलान्यास भी किया।

इस दौरान एसडीएम विवेकानंद मिश्र, सहायक महानिरीक्षक निबंधन ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता दलजीत सिंह, एसएचओ शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह, हरीश वर्मा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दयासागर पाठक, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष हरिराम निषाद, दलसिंगार दूबे, प्रदीप कमलापुरी, दुर्गा त्रिपाठी, शिवपाल सिंह, अनिल मिश्र, मयंक शुक्ल, विष्णु सिंह, अजय वरुण आदि मौजूद रहे।




