ये कमल किशोर…… जूते उतारकर मारूंगा, नंगा कर चौराहे पर घुमाऊंगा; विधायक विनय वर्मा ने पीडब्ल्यूडी एक्सईएन को लताड़ा

SHARE:

सिद्धार्थनगर : उत्तर प्रदेश एवं केंद्र में सत्ताधारी दल भाजपा के सहयोगी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) के शोहरतगढ़ से विधायक विनय वर्मा ने मंगलवार की दोपहर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को जमकर लताड़ा। उन्होंने एक्सईएन कमल किशोर को जूते उतारकर मारने और नंगा कर चौराहे पर घुमाने तक की बात कह डाली। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसके बाद जिले का सियासी पारा चढ़ गया। लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए विधायक की तारीफ करते हुए कमेंट कर रहे हैं।

मंगलवार दोपहर जिला मुख्यालय स्थित एक रेस्ट हाउस में करीब डेढ़ बजे अधिशासी अभियंता कमल किशोर, शासन द्वारा दो महीने पहले ब्लैकलिस्ट किए गए एक ठेकदार के साथ बैठक कर रहे थे। इसी बीच बैठक की जानकारी शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा को हो गई और वे पूरे दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रेस्ट हाउस में चल रही इस बैठक का वीडियो बनाते हुए फेसबुक पर लाइव करते हुए एक्सईएन कमल किशोर को जमकर लताड़ना शुरु कर दिया। उन्होंने कहा कि विधायक के बुलाने पर नहीं आते। सही से काम नहीं करते। जूते उतारकर मारूंगा। तुम भ्रष्टाचार फैला रहे, जनता सवाल मुझसे कर रही। तुम मेरा फोन नहीं उठाते, मेरी विधानसभा में भ्रष्टाचार फैल रहा है। मैं यह बर्दाश्त नहीं करूंगा। अगर जनता के पैसों से खिलवाड़ हुआ तो तुम्हें नंगा करके चौराहे पर घुमाऊंगा। शासन द्वारा ब्लैकलिस्ट किए गए ठेकदार के साथ बैठक कर रहे हो हम किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को सहन नहीं करेंगे।

विधायक विनय वर्मा ने अधिशासी अभियंता से कहा कि मेरी विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराओ लेकिन न तो कोई जवाब मिला और न दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।

उन्होंने कहा कि कमल किशोर की पहले देवरिया में तैनाती रही, जहां उन पर करीब चार करोड़ रुपए के गबन और धन के दुरुपयोग के आरोप लगे थे। उस समय उन्हें निलंबित किया गया था। हाईकोर्ट के आदेश पर एक महीने पहले बहाली हुई, लेकिन उनके कार्य व्यवहार में कोई सुधार नहीं दिखा। रेस्ट हाउस में करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे का विधायक ने वीडियो सबूत जुटाए। उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले को शासन के उच्च स्तर पर उठाएंगे। उन्होंने विभाग से तत्काल और पारदर्शी जांच की मांग की है। इस दौरान एक्सईएन कमल किशोर विधायक विनय वर्मा के सामने हाथ जोड़ते नजर आए।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now