भेड़ों के झुंड को रौंदते हुए निकल गया ट्रक, सवा सौ से अधिक की मौत, एक पिकअप चालक भी हुआ घायल, पुलिस ने ट्रक व चालक को लिया हिरासत में

SHARE:

सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत के राष्ट्रीय राजमार्ग-730 स्थित बढ़नी-ढेबरुआ मार्ग पर भरौली पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने भेड़ों के झुंड को रौंद दिया। जिससे करीब सवा सौ भेड़ों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं सौ से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गईं। भागते समय ट्रक ने रास्ते से गुजर रही एक पिकअप को भी टक्कर मारी जिससे चालक घायल हो गया। शोहरतगढ़ पुलिस ने शोहरतगढ़ कस्बे में बैरिकेटिंग कर ट्रक व चालक को हिरासत में ले लिया है।

 

ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम ढेबरुआ निवासी बुधई और चिनगुद भेड़ पालक हैं। शुक्रवार को वह अपनी साढ़े तीन सौ से अधिक भेड़ों को चराने गए थे। शाम करीब 6 बजे सड़क किनारे होते हुए भेड़ों को लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बढ़नी की तरफ़ से जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक भेड़ों के झुंड को कुचलते हुए निकल गया। जिसमें करीब सवा सौ भेड़ों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं सौ से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटनास्थल पर दृश्य बेहद भयावह था, क्योंकि हाइवे पर तमाम भेड़ों की लाश पड़ी हुई थी और चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। इस दौरान जो भी उधर से गुजरा उसके रोंगटे खड़े हो गए।

सड़क से मृत भेड़ों को जेसीबी से हटवाया गया

हाइवे पर फैली रही भेड़ों की लाशें, दो घंटे बाधित रहा हाइवे
थाने से लगभग एक किलोमीटर दूर घटना होने के कारण ढेबरुआ एसओ नारायण लाल श्रीवास्तव तत्काल मौके पर पहुंच गए, तब तक ट्रक लेकर चालक फरार हो चुका था। इस दौरान लगभग 2 घंटे तक आवागमन बाधित रहा और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने जेसीबी बुलवाकर भेड़ों को हाईवे से हटवाया।

ट्रक की टक्कर से घायल चालक संदीप

ट्रक ने पिकअप भी मारी टक्कर, चालक घायल
भागने की कोशिश में ट्रक चालक ने रास्ते गुजर रही एक पिकअप (एमएच04एलक्यू5961) को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के धनखरपुर निवासी चालक संदीप को चोटें आईं। उन्हें बढ़नी स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया।

 

नाकेबंदी कर शोहरतगढ़ पुलिस ने ट्रक व चालक को हिरासत में लिया
एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने घटना की सूचना सीमावर्ती थानों को दी और घटना कर भाग रहे ट्रक को पकड़ने के लिए नाकेबंदी करने के निर्देश दिए। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शोहरतगढ़ थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने शोहरतगढ़ कस्बे में नाकेबंदी कर ट्रक व चालक को कब्जे में ले लिया।

 

पशुपालकों को हुआ लाखों का नुकसान
पशुपालक बुधई का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि भेड़ें ही उनकी रोजी-रोटी का एकमात्र जरिया थीं। लाखों की भेड़ों के मरने से अब वह परिवार का भरण-पोषण कैसे करेंगे, यह उनके सामने बड़ी चुनौती बन गया है। पीड़ित ने मुआवजे की मांग की है।

हादसे के बाद तुरंत जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। ट्रक का नंबर और चालक की पहचान के लिए नाकेबंदी कर दी गई। इससे ट्रक और चालक पकड़ा गया है। यह लापरवाही का मामला है। चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
प्रशांत कुमार प्रसाद
एडिशनल एसपी, सिद्धार्थनगर

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now