सिद्धार्थनगर : इंडो-नेपाल के खुनुवा बॉर्डर पर एसएसबी एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने एक कार से तस्करी कर नेपाल ले जा रहे 5 किग्रा चांदी, 57 ग्राम सोना और 3.8 लाख भारतीय रुपयों के साथ एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया गया। टीम ने आगे की कार्रवाई के लिए बरामद माल सहित आरोपी तस्कर को खुनुवा कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी 43वीं वाहिनी के बीओपी खुनुवा के असिस्टेंट कमाण्डेंट अंकुश डांगे ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 7:40 बजे एसएसबी एवं खुनुवा पुलिस की एक टीम बीओपी पर सीमा पार आवागमन कर रही गाड़ियों की सघन जांच पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान एक अर्टिगा कार (डीएल1सीएएच3827) भारत से नेपाल की तरफ जा रही थी। रोककर उसकी तलाशी ली गई, तो गाड़ी के अंदर रखे एक संदिग्ध बैग में सफेद और पीली धातु की कुछ संदिग्ध चीजें मिलीं।
बैग के मालिक नारायण प्रसाद घिमिरे (50 वर्ष) पुत्र त्रिलोचन राम घिमिरे निवासी वार्ड नंबर 5, सैनामैना नगरपालिका, पुलिस चौकी शालझंडी, जिला रुपनदेही, नेपाल को एसएसबी और पुलिस के जवानों ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो, बैग में रखे सामान की पहचान लगभग 5 किलो 95 ग्राम चांदी और 57.14 ग्राम सोने के रुप में हुई। नारायण प्रसाद के पास से 5 सौ के 759 नोट और 2 सौ के 4 नोट के कुल 3 लाख 80 हजार 3 सौ रुपए बरामद हुए। पूछताछ के दौरान पता चला कि नारायण प्रसाद घिमिरे दिल्ली में कबाड़ का कारोबार करता रहा है।

गाड़ी मालिक नई दिल्ली के सेक्टर जे-22, लाजपत नगर निवासी राज शर्मा पुत्र गुणनिधि शर्मा ने बताया कि वे 21 अक्टूबर को अपनी कार से नई दिल्ली से बुटवल स्थित अपनी बहन कमला शर्मा के घर जाने के लिए निकले थे। उनके साथ दिल्ली से कार में लिफ्ट लेकर नारायण प्रसाद घिमिरे के अलावा बसंत कुमार, ईश्वरी प्रसाद शर्मा व पदम बहादुर बिक नेपाल जा रहे थे।
भारत एवं नेपाल में कीमतों में अंतर होने के कारण बढ़ रही तस्करी
नेपाल में दस ग्राम सोने का दाम लगभग एक लाख 36 हजार रुपए तथा एक किग्रा चांदी का दाम लगभग लगभग एक लाख 80 हजार रुपए है। वहीं दूसरी तरफ भारत में दस ग्राम सोने का दाम लगभग एक लाख 23 हजार रुपए तथा एक किग्रा चांदी का दाम लगभग एक लाख 52 हजार रुपए है। भारत एवं नेपाल में सोने व चांदी की कीमतों में इतना अंतर होने के कारण आजकल भारत से नेपाल की तरफ सोने और चांदी की बड़े पैमाने पर तस्करी की जा रहा है।
खुनुवा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र कुमार पासवान ने बताया कि तस्करी के आरोप में पकड़े गए नारायण प्रसाद घिमिरे के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसके कस्टम कार्यालय खुनुवा के हवाले कर दिया गया है।




