सिद्धार्थनगर : सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय पर सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया गया। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजन समिति के अध्यक्ष डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने अपना रजिस्ट्रेशन कराकर खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया।
हॉकी के जादूगर स्व. मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने अपने आवास से हजारों खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों के साथ वॉक करते हुए डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंचकर सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ किया। सांसद जगदंबिका पाल के साथ जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान, नगर पालिका सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविंद माधव, नगर पंचायत शोहरतगढ़ के चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, भाजपा जिला महामंत्री विपिन सिंह, अजय उपाध्याय एसपी अग्रवाल, सच्चिदानंद पांडेय, अरुण मिश्रा, सरोज शुक्ला, मोनी पांडेय, संजय सिंह, मोना पांडेय सहित एनसीसी के कैडेट्स आदि ने भाग लिया। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में सांसद जगदंबिका पाल ने सांसद खेल महोत्सव में अपना पहला रजिस्ट्रेशन कराकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का शुभारंभ किया। आयोजन समिति की तरफ से पुरुष, महिला वर्ग के लिए रस्साकशी, कबड्डी और दौड़ की प्रतियोगिता रखी गई थी।
इसके बाद मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, डीएम डॉ. राजा गणपति आर द्वारा मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद जगदंबिका पाल और डीएम डॉ. राजा गणपति आर एवं सीडीओ बलराम सिंह द्वारा किया गया। रस्साकशी प्रतियोगिता में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अरुणिमा मिश्रा के नेतृत्व में 3 विजेता रहे तथा मोनी पांडेय के नेतृत्व में टीम विजेता रहे। सांसद जगदंबिका पाल ने सभी विजेता और विजेता टीमों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि स्वस्थ सिद्धार्थनगर समर्थ सिद्धार्थनगर के तर्ज पर अपना जनपद सांसद खेल महोत्सव आयोजित कर रहा है। जिसका शुभारंभ आज 29 अगस्त से किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 25 दिसंबर तक चलेगा। जिसमें 29 अगस्त से 20 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चलेगी तथा 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक ग्राम स्तर, ब्लॉक स्तर, वार्ड स्तर, जिले स्तर पर विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि पारंपरिक खेलों को बढ़ावा दिया जाए। इसी क्रम में कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, गिल्ली डंडा जैसे खेलों का आयोजन इस संसद खेल महोत्सव में किया जाएगा। सभी खिलाड़ी अधिक से अधिक संख्या में सांसद खेल महोत्सव से जुड़कर इस खेल महोत्सव को सफल बनाएं।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने कहा कि हम सभी लोगों को मेजर ध्यानचंद से सीख लेनी चाहिए। मेजर ध्यानचंद हॉकी के जादूगर थे। वह पूरी मेहनत और लगन के साथ खेल भावना के साथ खेलते थे। जिससे हमारा देश आज उनको नमन कर रहा है।
इस दौरान एसपी अग्रवाल, रिंकू पाल, अखंड सिंह, अमरिंदर सिंह, प्रिंस शर्मा, सत्यानंद पांडेय, राजू पाल, राजेश द्विवेदी, कमलेश चौरसिया, मनोज वर्मा, मनोज चौबे, राकेश पांडेय, अमित कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।




