नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है।राजीव शुक्ला आगामी चुनाव होने तक बीसीसीआई प्रेसीडेंट की जिम्मेदारी संभालेंगे। रोजर बिन्नी को साल 2022 में सौरभ गांगुली की जगह बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया था।
क्या है नियम ?
BCCI के संविधान के अनुसार, किसी भी पदाधिकारी को 70 साल की उम्र के बाद अपना पद छोड़ना पड़ता है। राजीव शुक्ला कुछ महीनों के लिए कार्यभार संभालेंगे। वो नए अध्यक्ष चुने जाने तक कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे। राजीव शुक्ला साल 2020 से BCCI के उपाध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं।
कौन थे रोजर बिन्नी ?
रोजर बिन्नी साल 1983 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य रहे हैं। उन्हें टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली की जगह साल 2022 में BCCI का अध्यक्ष बनाया गया था। सौरभ गांगुली साल 2019 से 2022 तक BCCI के अध्यक्ष रहे थे। बिन्नी BCCI की कमान संभालने वाले तीसरे पूर्व क्रिकेटर हैं।
कौन हैं राजीव शुक्ला ?
राजीव शुक्ला का जन्म 13 सितंबर, 1959 को हुआ था। वह अभी 66 साल के हैं। वह पहले पत्रकार थे, जो बाद में राजनीति में आए और फिर भारतीय क्रिकेट में एक खास जगह बनाई। वह 2015 में आईपीएल चेयरमैन नियुक्त किए गए। 18 दिसंबर, 2020 को उन्हें बीसीसीआई का उपाध्यक्ष बनाया गया था। वर्तमान में वह छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसदों में से एक हैं।
अब क्या होगा अगला कदम ?
नेशनल स्पोर्ट्स गर्वनेंस कानून लागू होने के बावजूद BCCI अगले महीने अपनी वार्षिक आम बैठक (एजीएम) और चुनाव आयोजित करेगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि इस कानून को अभी तक औपचारिक रूप से लागू नहीं किया गया है। इस कानून के लागू होने में चार से पांच महीने और लग सकते हैं, इसलिए आगामी चुनावों को स्थगित नहीं किया जा सकता।
BCCI सुप्रीम कोर्ट की लोढ़ा समिति की सिफारिशों के बाद तैयार किए गए संविधान के तहत काम करता है। नया कानून लागू होने तक BCCI और उसके राज्य एसोसिएशन, दोनों को इसी फ्रेमवर्क का पालन करना होगा। युवा मामले और खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) ने स्पष्ट किया है कि नेशनल और स्टेट दोनों स्तरों पर चुनाव अगली सूचना तक मौजूदा संविधान के तहत ही होंगे।
एशिया कप से पहले नए टाइटल स्पांसर को ढूंढना मुश्किल
बीसीसीआई अभी भारतीय क्रिकेट टीम के नए टाइटल स्पांसर की तलाश में है, क्योंकि ऑनलाइन गेमिंग कानून के बाद बीसीसीआई और ड्रीम11 का करार समय से पहले खत्म हो गया है। एशिया कप का आयोजन 9 सितंबर से शुरू होगा, इससे पहले नए टाइटल स्पांसर के साथ करार करना मुश्किल नजर आ रहा है। बीसीसीआई कुछ दिनों में नए टाइटल स्पांसर के लिए विज्ञापन जारी कर सकता है।




