सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने गुरुवार को राजधानी लखनऊ स्थित नैमिषारण्य रेस्ट हाउस में अंतरिक्ष यात्री और वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से मुलाकात की। यह मुलाकात उनके अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से सफल वापसी के बाद हुई।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित नैमिषारण्य रेस्ट हाउस के विधायक विनय वर्मा ने शुभांशु शुक्ला को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर पुष्प भेंटकर बधाई दी और उनके अंतरिक्ष अनुभव, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में भारत की प्रगति तथा महत्वाकांक्षी ‘गगनयान’ मिशन पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला भी उपस्थित रहे। विधायक विनय वर्मा ने कहा है पिता के संस्कार और मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद की वजह से ही शुभांशु को यह ऊँचाई प्रदान की है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि ऐसे ही देश का हर बच्चा अपने माँ बाप और देश का नाम रोशन करे। कैप्टन शुभांशु देश के युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं।
गौरतलब है कि शुभांशु शुक्ला ने नासा के एक्सिओम-4 मिशन में बतौर पायलट हिस्सा लिया था। यह मिशन 25 जून को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च हुआ था। शुक्ला 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे और कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में उतरे। इसके साथ ही वे 41 साल बाद अंतरिक्ष जाने वाले पहले भारतीय बन गए।




