‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शोहरतगढ़ में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने बालिकाओं को सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा समय बिताने से बच्चों का ध्यान पढ़ाई और उनके जीवन के लक्ष्यों से भटक सकता है। इसलिए बालिकाएं अपना समय ज्ञान अर्जित करने, कौशल विकसित करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने में लगाएं।

मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की कवच 2.0 परियोजना के तहत महिला कल्याण विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग और संस्थान के संयुक्त सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में मीना मंच की पावर एंजेल, बालिकाओं और समुदाय के पीयर एजुकेटर्स ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना रहा।
संवाद के दौरान एसडीएम रवीश गुप्ता ने बालिकाओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण और लगातार प्रयास करना जरूरी है। असफलता को अंत मानने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। अपना अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि कई प्रयासों के बाद उन्हें सफलता मिली। ऐसे में किसी भी चुनौती से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर दोबारा प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने बालिकाओं से अपनी क्षमताओं को पहचानने, शिक्षा जारी रखने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा बालिकाओं के बेहतर भविष्य की नींव है। यह उन्हें अपने निर्णय स्वयं लेने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और समाज में अपनी सशक्त पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती है।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को सकारात्मक सोच अपनाने, अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करने और जीवन में आने वाली चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने का संदेश दिया गया। संवाद के माध्यम से उन्हें अपने भविष्य के प्रति सजग रहने और शिक्षा को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट लीड प्रसून शुक्ला, जिला सलाहकार जय प्रकाश गुप्ता, क्षेत्र समन्वयक अशोक विश्वकर्मा, ब्लॉक समन्वयक इंजीनियर अमन शर्मा, विजय शंकर यादव, रूपा उमर, पीयर एजुकेटर पुष्पा यादव, मनीषा, प्रीति और सरिता प्रजापति सहित शोहरतगढ़ की अन्य पीयर एजुकेटर्स उपस्थित रहीं।
Author: Vikas News
Post Views: 77





