‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : सिद्धार्थनगर को दिसंबर 2026 तक बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। ‘बाल श्रम मुक्त उत्तर प्रदेश अभियान’ के तहत जिला प्रशासन और मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बाल श्रम उन्मूलन, बच्चों के पुनर्वासन और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

शनिवार को शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के शोहरतगढ़ एवं बढ़नी विकास खंडों के साथ दोनों नगर पंचायतों के संबंधित अधिकारियों की बैठक उपजिलाधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति, जनजागरूकता और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य हासिल करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
एसडीएम रवीश गुप्ता ने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स (डीटीएफ) की बैठक में अक्टूबर माह तक शोहरतगढ़ और बढ़नी क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में निर्धारित प्रारूप पर बाल श्रम मुक्त संबंधी प्रस्ताव पारित कराने का निर्णय लिया गया है। इसके बाद इन प्रस्तावों को ब्लॉक एवं नगर पंचायत स्तर पर पारित कराकर आगे की कार्रवाई के लिए श्रम विभाग को उपलब्ध कराया जाना है।
उन्होंने दोनों विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रस्ताव पारित कराने की प्रक्रिया पूरी कर आवश्यक प्रारूप श्रम विभाग को उपलब्ध कराएं। साथ ही अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय, नियमित निगरानी और जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बाल श्रमिकों के पुनर्वासन और शिक्षा पर जोर
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कहीं भी बाल श्रमिक मिलने पर उसे श्रम से मुक्त कराने के साथ तत्काल पुनर्वासन की प्रक्रिया शुरू की जाए। ऐसे बच्चों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उनकी शिक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे दोबारा बाल श्रम में जाने के बजाय शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र में छह से 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा विद्यालय में नामांकन से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और अभियान के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के डिस्ट्रिक्ट लीड प्रसून शुक्ला, श्रम विभाग के जिला सलाहकार जय प्रकाश गुप्ता, फील्ड समन्वयक अशोक विश्वकर्मा, ब्लॉक समन्वयक इंजीनियर अमन शर्मा, विजय शंकर यादव, रूपा उमर, बढ़नी के एडीओ पंचायत राम विलास, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सोनू कुमार तथा बीईओ, बढ़नी अरुण कुमार आदि उपस्थित रहे।
प्रशासन ने अभियान के निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने और बाल श्रम उन्मूलन के प्रयासों में तेजी लाने पर जोर दिया।
Author: Vikas News
Post Views: 80





