सेवा सेतु अभियान के अंतिम दिन श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, बाल श्रम उन्मूलन पर दिया गया जोर

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : बढ़नी ब्लॉक परिसर में सेवा सेतु अभियान के तहत श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन एवं श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी के कुशल चिकित्सकों की टीम ने 152 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की। अभियान के माध्यम से श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ने, उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा सरकारी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना चौधरी, ब्लाक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी तथा नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि व सिद्धार्थ चौधरी की उपस्थिति रही। अतिथियों ने श्रमिकों के हित में आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि श्रमिक समाज और देश की प्रगति की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए इस तरह के शिविर बेहद उपयोगी हैं। श्रमिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा शासन की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान बाल श्रम उन्मूलन के महत्व पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के हाथों में औजार नहीं, बल्कि किताबें होनी चाहिए। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर मिलना चाहिए। बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए प्रशासन, श्रम विभाग, जनप्रतिनिधियों, समाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करना होगा। लोगों से अपील की गई कि वे बच्चों से श्रम कराने के बजाय उन्हें विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें और बाल श्रम की जानकारी संबंधित विभाग को दें। वक्ताओं ने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उनके अधिकारों की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता के माध्यम से ही बाल श्रम पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है और बच्चों के लिए सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। सहायक श्रम आयुक्त ओम प्रकाश ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, आयोजकों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान तथा सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य श्रमिकों तक सरकारी योजनाओं और आवश्यक सुविधाओं की पहुंच आसान बनाना है। श्रमिक पंजीयन के साथ स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से श्रमिकों और उनके परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है। उन्होंने श्रमिकों से विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी जितेंद्र कुमार, मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के जय प्रकाश गुप्ता, अभिषेक मिश्रा, विजय शंकर यादव, सीडीपीओ रविन्द्र यादव, आनन्द श्रीवास्तव, मुकेश सिंह आदि मौजूद रहे।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पचपेड़वा में राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की तैयारियां तेज, दिसंबर में होगा पांच दिवसीय आयोजन; बौद्धिक वर्ग, पत्रकार, शिक्षक, छात्र, किसान और कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ संस्कारवान पीढ़ी निर्माण पर रहेगा विशेष जोर

error: Content is protected !!

Follow Us Now