‘हाड़ा’ विकास सिंह
काठमांडू : नेपाल के रसुवा जिले में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन से हुई तबाही में मृतकों की संख्या बढ़कर 157 हो गई है। नेपाल पुलिस मुख्यालय की ओर से बुधवार रात 11:05 बजे जारी ताजा अपडेट के अनुसार विभिन्न जिलों में बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 157 शव बरामद किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार सबसे अधिक 64 शव चितवन में बरामद हुए हैं। इसके अलावा धादिङ में 27, नवलपरासी पूर्व में 22, गोरखा में 19, नुवाकोट में 13, तनहुँ में 9 और रसुवा में 3 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
3,318 पुलिसकर्मी राहत एवं खोज अभियान में तैनात
बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत, उद्धार एवं खोज अभियान के लिए नेपाल पुलिस के 3,318 जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। हालांकि, इस आपदा के दौरान 28 पुलिसकर्मी अब भी संपर्कविहीन बताए जा रहे हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार इनकी तलाश जारी है।
रसुवा क्षेत्र में इलाका पुलिस कार्यालय टिमुरे के 23 कर्मचारियों में से 13 ही संपर्क में आए हैं। सीमा पुलिस चौकी रसुवागढ़ी के 9 में से 8 तथा पुलिस चौकी स्याफ्रुबेंसी के 8 में से 3 कर्मचारी ही संपर्क में हैं। इसी तरह अस्थायी पुलिस पोस्ट मैलुङ के 8 में से 3, पुलिस चौकी बेत्रावती के 10 में से 9 और पुलिस चौकी हाकु के 6 में से 5 कर्मचारी संपर्क में आए हैं।
41 घायलों का अस्पतालों में इलाज
बाढ़ और भूस्खलन में घायल 41 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इनमें त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में 20, ट्रमा सेंटर में 4, वीर अस्पताल में 3 और त्रिशूली अस्पताल में 9 घायल भर्ती हैं।
इसके अलावा नर्भिक अस्पताल में 3, वीरेंद्र सैनिक अस्पताल में 1 और ग्रीन सिटी अस्पताल में 1 घायल का उपचार जारी है।
नेपाल में लगातार जारी राहत एवं खोज अभियान के बीच लापता लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Author: Vikas News
Post Views: 231





