‘हाड़ा’ विकास सिंह
काठमांडू : नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में बुधवार सुबह आई भीषण बाढ़ के बाद क्षेत्र में मौजूद 384 पर्यटक संपर्कविहीन बताए जा रहे हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड (NTB) के दूसरे अपडेट के मुताबिक इनमें 105 भारतीय पर्यटक समेत बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक शामिल हैं।

पर्यटन बोर्ड के अनुसार बाढ़ के बाद विभिन्न ट्रैवल और टूर कंपनियों के माध्यम से यात्रा कर रहे पर्यटकों से संपर्क स्थापित नहीं हो सका है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 10 ट्रैवल एजेंसियों से जुड़े पर्यटक प्रभावित हुए हैं।

सबसे अधिक 92 पर्यटक ट्रेकर्स सोसाइटी के माध्यम से यात्रा पर थे, जिनमें 77 विदेशी और 15 नेपाली नागरिक शामिल हैं। सम्राट टूर्स एंड ट्रैवल्स के 71 पर्यटक संपर्कविहीन हैं, जिनमें 59 भारतीय और 12 नेपाली नागरिक बताए गए हैं। वहीं लीफ हॉलिडे के 55 तथा हिमालयन ग्लेशियर के 52 पर्यटकों से भी संपर्क नहीं हो सका है।
इसके अलावा कैलाश जर्नी के 31, फिसटेल टूर्स एंड ट्रैवल्स के 27, अल्पाइन इको ट्रेक के 20, काठमांडू हॉलिडे टूर्स एंड ट्रैवल्स के 17, रिचा टूर्स एंड ट्रैवल्स के 12 तथा एक्सप्लोर वैकेशन के 7 पर्यटक संपर्क से बाहर बताए गए हैं।
पर्यटन बोर्ड के मुताबिक संपर्कविहीन विदेशी पर्यटकों में भारत, ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के नागरिक शामिल हैं। हालांकि कैलाश जर्नी, ट्रेकर्स सोसाइटी और रिचा टूर्स के माध्यम से यात्रा कर रहे 111 विदेशी पर्यटकों की राष्ट्रीयता की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
राहत और खोज अभियान जारी
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पर्यटकों और यात्रियों की स्थिति का पता लगाने के लिए नेपाल पर्यटन बोर्ड, पर्यटक पुलिस, स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संगठन संयुक्त रूप से खोज एवं राहत अभियान चला रहे हैं।
पर्यटन बोर्ड ने कहा है कि पर्यटकों की सुरक्षित स्थिति और उनके वर्तमान स्थान की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रैवल एजेंसियों, गाइडों, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा निकायों के साथ समन्वय कर उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन किया जा रहा है।
आपातकालीन हेल्पलाइन जारी
नेपाल पर्यटन बोर्ड ने प्रभावित पर्यटकों और उनके परिजनों के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं :
टोल-फ्री : 1234
हॉटलाइन : 1144
पर्यटक पुलिस मोबाइल : +977-9851289445
बोर्ड ने प्रभावितों के परिजनों और संबंधित पक्षों से इन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है।
प्रशासन ने पर्यटकों से घबराने के बजाय संयम बनाए रखने और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Author: Vikas News
Post Views: 172





