‘हाड़ा’ विकास सिंह
शोहरतगढ़ ( सिद्धार्थनगर) : विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे सिद्धार्थनगर के खिलाड़ियों के सम्मान में सोमवार को शोहरतगढ़ में समारोह आयोजित किया गया। जिला ताइक्वांडो एकेडमी, सिद्धार्थनगर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रिंस, अंकिता कन्नौजिया एवं महक चौधरी को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान जिला ताइक्वांडो एकेडमी के अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह, भाजपा नेता श्याम जायसवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, ग्राम प्रधान श्याम सुंदर चौधरी, प्रधान राममिलन चौधरी, राजेंद्र रूंगटा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें विश्व मंच पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कोच बजरंगी राजपूत ने बताया कि विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप में सिद्धार्थनगर के चार खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर जिले के खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचना पूरे सिद्धार्थनगर के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों की सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने से वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों के चयन से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और खेलप्रेमियों ने उनके सफल प्रदर्शन की कामना की है।
Author: Vikas News
Post Views: 119





