‘हाड़ा’ विकास सिंह
काठमांडू (नेपाल) : भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चली आ रही सैन्य परंपरा के तहत भारतीय थल सेनाध्यक्ष धीरज सेठ को नेपाली सेना के मानद महारथी (मानद प्रधान सेनापति) की उपाधि प्रदान की गई। सोमवार को काठमांडू स्थित राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में आयोजित विशेष समारोह में नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने भारतीय थल सेनाध्यक्ष को यह सम्मान प्रदान किया।
भारत-नेपाल के बीच वर्ष 1950 से चली आ रही परंपरा के अनुसार दोनों देशों के सेना प्रमुखों को एक-दूसरे की सेना में मानद सैन्य पद से सम्मानित किया जाता है। इसी परंपरा के तहत भारतीय थल सेनाध्यक्ष धीरज सेठ को नेपाली सेना का मानद महारथी नियुक्त किया गया है।
तीन दिवसीय नेपाल यात्रा पर भारतीय थल सेनाध्यक्ष रविवार दोपहर काठमांडू पहुंचे थे। उनके दौरे को दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सैन्य सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
समारोह में नेपाल के उपराष्ट्रपति रामसहाय प्रसाद यादव, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, नेपाल सरकार एवं नेपाली सेना के वरिष्ठ अधिकारी तथा नेपाल में भारत के राजदूत सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सैन्य संबंधों की मजबूत कड़ी के रूप में यह सम्मान दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और मैत्रीपूर्ण संबंधों को दर्शाता है।
Author: Vikas News
Post Views: 117





