‘हाड़ा’ विकास सिंह
कपिलवस्तु (नेपाल) : कपिलवस्तु जिले के तौलिहवा-बहादुरगंज मार्ग पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार शराब लदे ट्रक ने पैदल यात्रियों और एक साइकिल सवार को कुचल दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 12 वर्षीय मासूम बालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल फैल गया।
जिला प्रहरी कार्यालय कपिलवस्तु के डीएसपी रिपेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, बहादुरगंज से तौलिहवा की ओर जा रहा ना 2 ख 2364 नंबर का शराब लदा ट्रक सुबह लगभग सवा 7 बजे महाराजगंज नगरपालिका-2 स्थित गैडहवा चौक के समीप अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे चल रहे पैदल यात्रियों और एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में स्थानीय निवासी 12 वर्षीय आनंद कश्यप, महाराजगंज नगरपालिका-3 निवासी 75 वर्षीय भोलई कुर्मी तथा 45 वर्षीय विजय कुमार गुप्ता की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और शोक व्याप्त है। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Author: Vikas News
Post Views: 13



