‘हाड़ा’ विकास सिंह
काठमांडू : नेपाल के मुस्तांग जिले के जोमसोम में स्थित लग्जरी रिसॉर्ट ‘शिन्तामणि मुस्तांग’ ने वैश्विक पर्यटन जगत में नया इतिहास रच दिया है। प्रतिष्ठित रॉब रिपोर्ट (Robb Report) द्वारा जारी ’50 Greatest Luxury Hotels on Earth 2026′ की सूची में शिन्तामणि मुस्तांग को दुनिया का सबसे बेहतरीन लक्जरी होटल घोषित किया गया है।
यह उपलब्धि नेपाल के पर्यटन उद्योग के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। दुनिया भर के प्रमुख ट्रैवल विशेषज्ञों और पर्यटन विशेषज्ञों के पैनल ने इस होटल को प्रथम स्थान पर चुना है।

बिल बेंसले ने किया है होटल का डिजाइन
मुस्तांग के लोअर मुस्तांग क्षेत्र के जोमसोम में स्थित इस शानदार होटल का डिज़ाइन विश्व प्रसिद्ध आर्किटेक्ट बिल बेंसले ने तैयार किया है। होटल का संचालन शेर्पा हॉस्पिटैलिटी ग्रुप (SHG) द्वारा अगस्त 2023 से किया जा रहा है, जो यती समूह का हिस्सा है।
रॉब रिपोर्ट के अनुसार, होटल के प्रत्येक कमरे से दिखाई देने वाला हिमालयी प्राकृतिक दृश्य मेहमानों को एक अनूठा और यादगार अनुभव प्रदान करता है।
“नेपाल अब एक अलग लक्जरी डेस्टिनेशन”
शेर्पा हॉस्पिटैलिटी ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नामग्याल शेर्पा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह केवल एक होटल की सफलता नहीं, बल्कि पूरे नेपाल के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से नेपाल को विश्वस्तरीय लक्जरी पर्यटन गंतव्य बनाने का जो सपना देखा गया था, वह अब साकार होता दिखाई दे रहा है। यह सम्मान दुनिया को यह संदेश देता है कि नेपाल केवल रोमांचक पर्यटन ही नहीं, बल्कि उच्च स्तरीय लक्जरी आतिथ्य का भी प्रमुख केंद्र बन चुका है।

29 कमरों वाला होटल, न्यूनतम 5 दिन की बुकिंग अनिवार्य
शिन्तामणि मुस्तांग नेपाल के सबसे महंगे होटलों में शामिल है। होटल में कुल 29 लक्जरी कमरे हैं और यहां ठहरने के लिए कम से कम पांच दिनों की बुकिंग अनिवार्य है।
होटल में एक रात ठहरने का शुरुआती किराया 1,800 अमेरिकी डॉलर है। इसमें 13 प्रतिशत वैट (VAT) और 2 प्रतिशत लक्जरी टैक्स शामिल नहीं है। दो लोगों के लिए तैयार इस पैकेज में आवास, भोजन, पेय पदार्थ, स्पा और तिब्बती चिकित्सा पर आधारित वेलनेस थेरेपी शामिल किए जाते हैं।

नेपाल के पर्यटन को मिलेगा नया वैश्विक मुकाम
विशेषज्ञों का मानना है कि शिन्तामणि मुस्तांग को विश्व का सर्वश्रेष्ठ लक्जरी होटल चुने जाने से नेपाल के उच्चस्तरीय पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। इससे विदेशी पर्यटकों का आकर्षण बढ़ने के साथ-साथ नेपाल की लक्जरी हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
वैश्विक सूची में ये होटल भी शामिल
रॉब रिपोर्ट की वर्ष 2026 की सूची में दूसरे स्थान पर सिंगिटा क्विटोंडा (रवांडा), तीसरे पर होप लॉज (स्कॉटलैंड), चौथे पर पार्क हयात टोक्यो (जापान) और पांचवें स्थान पर शक्ति प्राण (भारत) को जगह मिली है। इसके अलावा इटली, ब्रिटेन, फ्रांस, पनामा और माल्टा के प्रतिष्ठित होटल भी शीर्ष 10 में शामिल हैं।
Author: Vikas News
Post Views: 191



