डायट बस्ती में एडी बेसिक संजय शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, समावेशी शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्यों की मिली पहचान
‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : समेकित शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों (CWSN) की शिक्षा, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक (डीसी) करुणापति त्रिपाठी को डायट बस्ती में आयोजित एक सम्मान समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में अपर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (एडी बेसिक) संजय शुक्ला ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
करुणापति त्रिपाठी को विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन, नामांकन, नियमित उपस्थिति एवं शत-प्रतिशत ठहराव सुनिश्चित कराने, ट्रांजिशन को प्रभावी बनाने, सामाजिक सुगमता, सर्वांगीण विकास, पूर्ण समावेशन एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही समेकित शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा राज्य स्तर पर विभागीय प्रगति एवं रैंकिंग को निरंतर उत्कृष्ट बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी सराहा गया।
इस अवसर पर एडी बेसिक संजय शुक्ला ने कहा कि विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का समयबद्ध, प्रभावी एवं सफल संचालन करते हुए दिव्यांग बच्चों के शैक्षिक पुनर्वास, समावेशन और सशक्तिकरण के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों के सम्मानस्वरूप यह प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य कर दिव्यांग बच्चों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
करुणापति त्रिपाठी की इस उपलब्धि पर बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, डीसी सुरेंद्र श्रीवास्तव, धर्मप्रकाश श्रीवास्तव, आशीष सिंह, अमित शुक्ला, आशीष मिश्र, रितेश श्रीवास्तव, विनोद मिश्रा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Author: Vikas News
Post Views: 81



