‘हाड़ा’ विकास सिंह
कपिलवस्तु (नेपाल) : कपिलवस्तु क्षेत्र संख्या 3 से प्रतिनिधि सभा सदस्य अभिषेक प्रताप शाह और कृष्णनगर नगरपालिका के मेयर रजत प्रताप शाह के विरुद्ध दर्ज हत्या के प्रयास (ज्यान मारने के प्रयास) के मुकदमे को वापस लेने की मांग तेज हो गई है। शुक्रवार को कृष्णनगर और बहादुरगंज के बाजार पूर्ण रूप से बंद रहे, जबकि एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन कार्यालय, कपिलवस्तु पहुंचकर प्रमुख जिला अधिकारी (सीडीओ) जनार्दन गौतम को ज्ञापन सौंपा।

कृष्णनगर नगरपालिका-10 के वार्ड अध्यक्ष एवं नगर प्रवक्ता हरिपाल चतुर्वेदी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि 28 असार को कृष्णनगर-2 स्थित शाह कॉम्प्लेक्स में हुई घटना के बाद सांसद अभिषेक प्रताप शाह और मेयर रजत प्रताप शाह केवल घटनास्थल की जानकारी लेने और विवाद शांत कराने पहुंचे थे। ऐसे में उनके विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाना न्यायोचित नहीं है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कृष्णनगर उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष सीताराम (रितेश) शर्मा ने राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से शिकायत दर्ज कराई। इसमें यह भी उल्लेख किया गया कि शर्मा ने अदालत और जिला पुलिस कार्यालय में दिए अपने बयान में अवसाद (डिप्रेशन) की दवा लेने की बात स्वीकार की है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि केवल शिकायत के आधार पर राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई न की जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित जांच कराई जाए।

ज्ञापन में सांसद और मेयर के विरुद्ध दर्ज मुकदमा वापस लेने, निर्दोष लोगों के विरुद्ध गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई रोकने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया या गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई तो शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
नगर प्रवक्ता हरिपाल चतुर्वेदी ने कहा कि सांसद और मेयर के खिलाफ प्रतिशोध की भावना से मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।
रितेश शर्मा पर भी दर्ज हुआ उपद्रव का मामला
इस बीच कृष्णनगर उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष सीताराम (रितेश) शर्मा के विरुद्ध भी उपद्रव (दंगा एवं अशांति फैलाने) का मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, लगभग एक माह पहले शिवराज नगरपालिका स्थित सिद्धार्थ ग्रीन रिसॉर्ट के कैसीनो में प्रवेश को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद 28 असार को रितेश शर्मा ने कृष्णनगर स्थित शाह कॉम्प्लेक्स पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में विवाद बढ़ने पर कुछ युवक उनके घर पहुंचे, जिसके बाद सांसद अभिषेक प्रताप शाह और मेयर रजत प्रताप शाह वहां पहुंचकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया।
वार्ड अध्यक्ष हरिपाल चतुर्वेदी का दावा है कि इसी घटना को आधार बनाकर रितेश शर्मा ने दोनों नेताओं के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया। दूसरी ओर, शाह कॉम्प्लेक्स के वैभव प्रताप शाह ने भी रितेश शर्मा के खिलाफ उपद्रव का मामला दर्ज कराया है। जिला पुलिस कार्यालय कपिलवस्तु के अनुसार, दोनों मामलों में आरोपितों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं और उनकी तलाश जारी है।

बाजार बंद, जनजीवन प्रभावित
हत्या के प्रयास के मुकदमे के विरोध में शुक्रवार को कृष्णनगर और बहादुरगंज के व्यापारियों ने स्वतःस्फूर्त रूप से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। बाजार बंद रहने से मालवाहक वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का संचालन भी प्रभावित रहा।

नेपाली कांग्रेस ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की
उधर, नेपाली कांग्रेस ने भी सांसद अभिषेक प्रताप शाह और मेयर रजत प्रताप शाह के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट के मामले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित जांच की मांग की है।
नेपाली कांग्रेस प्रदेश 3 (क) कार्यसमिति, कपिलवस्तु के सभापति गोविन्द के. सी. द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि अब तक सार्वजनिक रूप से उपलब्ध तथ्यों, सांसद शाह के स्पष्टीकरण और सामने आई सूचनाओं के आधार पर लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया निराधार और पूर्वाग्रह से प्रेरित प्रतीत होते हैं।
पार्टी ने कहा कि दोनों नेताओं ने जांच में पूरा सहयोग देने की इच्छा व्यक्त की है। ऐसे में जांच किसी भी राजनीतिक दबाव या बाहरी प्रभाव से मुक्त होकर केवल तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पूरी की जानी चाहिए। साथ ही जांच पूरी होने तक किसी भी व्यक्ति की छवि धूमिल करने वाले प्रचार या भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की गई है।
नेपाली कांग्रेस ने अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से कानून का सम्मान करने, संयम बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप आचरण करने की भी अपील की है।
Author: Vikas News
Post Views: 247





