‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : सीमावर्ती क्षेत्र बढ़नी के लोगों के लिए बड़ी सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश शासन ने बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उच्चीकृत करने के लिए 19 करोड़ 66 लाख 11 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही पहली किस्त के रूप में 9 करोड़ 83 लाख 5 हजार रुपये भी जारी कर दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव चन्द्रशेखर मिश्र ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक को पत्र भेजकर वित्तीय स्वीकृति और धनराशि अवमुक्त किए जाने की जानकारी दी है।
30 बेड का CHC और 20 बेड का मातृ-शिशु केंद्र बनेगा
स्वीकृत परियोजना के तहत बढ़नी PHC को 30 बेड वाले आधुनिक CHC में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा यहां 20 बेड का जच्चा-बच्चा (मातृ एवं शिशु) केंद्र भी स्थापित होगा, जिससे प्रसूति और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
सीमावर्ती क्षेत्र के हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
बढ़नी ब्लॉक की 77 ग्राम पंचायतों के अलावा बलरामपुर जिले तथा नेपाल सीमा से सटे गांवों के मरीज भी इलाज के लिए बढ़नी PHC पहुंचते हैं। यहां प्रतिदिन 200 से अधिक मरीजों की ओपीडी होती है।
PHC होने के कारण गंभीर मरीजों को अक्सर सीएचसी शोहरतगढ़ या जिला अस्पताल/मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ता है। वर्तमान में यहां एक्स-रे और विशेषज्ञ चिकित्सकों जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। CHC बनने के बाद स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा और रेफरल की आवश्यकता कम होगी।
विधायक विनय वर्मा के प्रयासों से मिली स्वीकृति
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2022 में शोहरतगढ़ विधानसभा से विधायक बनने के बाद विनय वर्मा लगातार बढ़नी में CHC निर्माण के लिए प्रयासरत थे। उनके प्रयासों के बाद शासन से परियोजना को वित्तीय स्वीकृति मिली है।
वरिष्ठ व्यापारी नेता प्रदीप कमलापुरी, त्रियुगी अग्रहरि, विवेक गुप्ता, चंदी शुक्ला, अशोक पासवान, देवेंद्र यादव, अनिल निषाद और दुर्गेश कमलापुरी सहित कई लोगों ने शासन के निर्णय का स्वागत करते हुए विधायक के प्रयासों की सराहना की।
विधायक ने क्या कहा ?
शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने कहा,
“आज का दिन बढ़नी क्षेत्र और मेरे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लंबे प्रयासों के बाद शासन से वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। आने वाले समय में क्षेत्र की अन्य विकास परियोजनाओं को भी वित्तीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।”
मुख्य बिंदु
• बढ़नी PHC का 30 बेड के CHC में होगा उच्चीकरण।
• कुल 19.66 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति।
• पहली किस्त के रूप में 9.83 करोड़ रुपये जारी।
• 20 बेड का मातृ एवं शिशु केंद्र भी बनेगा।
सीमावर्ती क्षेत्र और नेपाल सीमा के हजारों मरीजों को मिलेगा लाभ।
• स्थानीय लोगों ने शासन के निर्णय का स्वागत किया।
Author: Vikas News
Post Views: 203





